लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. खासकर बीजेपी में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही चर्चा के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं. राउत ने योगी को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा और एक काबिल नेता बताया है. संजय राउत का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि उनकी पार्टी विपक्षी INDIA गठबंधन का हिस्सा है. इस गठबंधन में समाजवादी पार्टी भी शामिल है. ऐसे में गठबंधन के एक सहयोगी दल के नेता की ओर से योगी आदित्यनाथ की तारीफ किए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
संजय राउत ने योगी आदित्यनाथ को लेकर क्या कहा?
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत से उत्तर प्रदेश में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल किया गया था. इस पर उन्होंने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पेश किया है तो यह काबिले तारीफ है. वह एक काबिल व्यक्ति हैं और हम भी योगी जी से बहुत प्यार करते हैं.
राउत ने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ हिंदुत्व का ऐसा चेहरा हैं जो सबसे ऊपर है. उन्होंने कहा, ‘अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं.’ राउत ने यह भी कहा कि योगी आदित्यनाथ को पूरा भरोसा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बहुमत मिलेगा और जीतकर आने वाले ज्यादातर विधायक उनका समर्थन करेंगे.
कैसे शुरू हुई यूपी में CM चेहरे की चर्चा?
दरअसल, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर बीजेपी नेताओं के बयानों के बाद चर्चा तेज हुई है. हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 के चुनाव में पार्टी के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा था कि कमल का फूल ही सब कुछ है. उन्होंने यह भी कहा था कि कौन है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं. वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि बीजेपी विधानसभा चुनाव कमल के निशान पर लड़ेगी. चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में अपने नेता का चयन करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री का नाम तय होगा.
बीजेपी में नाराजगी की खबरों पर भी बोले राउत
संजय राउत ने बीजेपी के भीतर कथित नाराजगी की खबरों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी में सभी लोग अपने नेतृत्व से खुश नहीं रहते हैं. ऐसा बीजेपी में ही नहीं, बल्कि दूसरी पार्टियों में भी होता है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि क्या उनकी पार्टी में सभी लोग उनसे खुश हैं? राउत ने इसे सामान्य राजनीतिक स्थिति बताया.
2027 के चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर बीजेपी के भीतर और विपक्षी दलों के बीच बयानबाजी जारी है. संजय राउत का योगी आदित्यनाथ के समर्थन में दिया गया यह बयान भी इसी राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बन गया है. खास बात यह है कि राउत की पार्टी और समाजवादी पार्टी दोनों INDIA गठबंधन में सहयोगी हैं. ऐसे में उनके बयान ने यूपी की राजनीति में एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है.