हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां तेज रफ्तार लोडर और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में 15 वर्षीय युवा क्रिकेटर अश्वनी कुशवाहा समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. घायलों में दिल्ली के मृतक दंपती के दो बच्चे भी शामिल हैं. दोनों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
नगला भूरा के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सासनी क्षेत्र के गांव नगला भूरा के पास राधिका ढाबे के नजदीक हुआ. गुरुवार शाम करीब पांच बजे सवारियों से भरा टेंपो अलीगढ़ से हाथरस की ओर जा रहा था. इसी दौरान हाथरस की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने टेंपो को सामने से टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री सड़क पर जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
दिल्ली का परिवार शादी में शामिल होने जा रहा था
बताया जा रहा है कि दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी ओमकार अपनी पत्नी विनीता, बेटी प्रियंका और बेटे लक्ष्य के साथ हाथरस में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे. परिवार पहले अलीगढ़ पहुंचा था. इसके बाद सभी लोग टेंपो में सवार होकर हाथरस के लिए रवाना हुए थे.
हादसे में ओमकार की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी पत्नी विनीता ने भी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. इसके अलावा 65 वर्षीय चंद्रपाल और 15 वर्षीय अश्वनी कुशवाहा की भी जान चली गई.
क्रिकेटर बनने का सपना देखता था अश्वनी
इस हादसे में जान गंवाने वाला 15 वर्षीय अश्वनी कुशवाहा क्रिकेट का होनहार खिलाड़ी था. वह हाथरस के मेंडू कस्बे का रहने वाला था और अलीगढ़ में क्रिकेट की प्रैक्टिस करने जाता था. वह लक्ष्य क्रिकेट अकादमी से भी जुड़ा हुआ था.
अश्वनी के बड़े भाई के मुताबिक, वह अक्सर आईपीएल में खेलने का सपना देखता था. वह अपने भाई से कहता था कि एक दिन रिंकू सिंह की तरह क्रिकेट खेलेगा और लोग उसे टीवी पर देखेंगे. हाल ही में वह उत्तराखंड में एक टूर्नामेंट खेलकर लौटा था. उसकी मौत की खबर से परिवार के साथ क्रिकेट अकादमी में भी शोक का माहौल है.
पुलिस ने लोडर चालक को पकड़ा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक, लोडर चालक को पकड़ लिया गया है. परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, हादसे के बाद परिवहन विभाग ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. शुरुआती पड़ताल में सड़क किनारे झाड़ियों, मोड़ और वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया गया है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.