लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इस बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. ओवैसी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव मुस्लिम समुदाय के वोटों का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन राजनीतिक हिस्सेदारी देने के मामले में पीछे हट जाते हैं.
दरअसल, संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की पहली संयुक्त रैली आयोजित की गई. इसमें ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने एक मंच से अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई. दोनों नेताओं ने बीजेपी के साथ-साथ समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया.
अखिलेश यादव पर क्या बोले ओवैसी?
रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव मुस्लिम समुदाय को सिर्फ वोट बैंक की तरह देखते हैं. उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा और लोकसभा सीटों से पहले मुस्लिम नेता चुनाव जीतकर आते थे, अब वहां सपा प्रमुख अपने परिवार के सदस्यों को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ा रहे हैं. ओवैसी ने सवाल उठाया कि अगर अखिलेश यादव मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक हिस्सेदारी देना चाहते हैं तो क्या वह यादव बहुल करहल विधानसभा सीट से किसी मुस्लिम उम्मीदवार को चुनाव लड़ाएंगे? उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम समुदाय से वोट लेने के बावजूद उसे सत्ता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उचित स्थान नहीं दिया जा रहा है.
अयोध्या में राम मंदिर जाने को लेकर भी घेरा
AIMIM प्रमुख ने अखिलेश यादव की प्रस्तावित अयोध्या यात्रा को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख हिंदुत्व की राजनीति की ओर बढ़ रहे हैं. ओवैसी ने 12 दिसंबर को राम मंदिर जाने की अखिलेश यादव की योजना का जिक्र करते हुए उनकी राजनीतिक विचारधारा पर सवाल उठाए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी मुस्लिम समुदाय के मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देती और चुनाव के समय ही उनके समर्थन की जरूरत महसूस करती है.
चंद्रशेखर आजाद ने भी सपा को घेरा
इस रैली में चंद्रशेखर आजाद ने भी अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने दलितों और मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सपा पर इन वर्गों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. आजाद ने कहा कि सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी के लिए नए राजनीतिक विकल्प की जरूरत है. चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सरकार बनने पर एक मुस्लिम और एक पिछड़े वर्ग के नेता को उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा भी किया. वहीं, ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर समर्थन दिया.
2027 के चुनाव से पहले नए समीकरण
गौरतलब है कि AIMIM और आजाद समाज पार्टी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है. दोनों दलों का गठबंधन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है. ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की ओर से समाजवादी पार्टी पर लगातार हो रहे हमले को यूपी की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.