पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा थाना क्षेत्र के परेव सोन नदी में शनिवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि नाव के जरिए अवैध बालू के कारोबार में रंगदारी वसूल रहे अपराधियों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई।
मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 62 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड, जबकि अपराधियों की ओर से लगभग 40 राउंड गोली चलाए जाने की जानकारी है। गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि एक अपराधी को भी गोली लगी है।
एक अपराधी गिरफ्तार, तीन फरार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अनीश कुमार, पिता रामबाबू राय, निवासी मनेर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अनीश के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों में चार कांड दर्ज हैं। इनमें एक मामला एके-47 से जुड़ा होने की बात भी सामने आई है।
मुठभेड़ के दौरान अनीश को गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर राजू कुमार के बांह में गोली लगी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार और सहायक थानाध्यक्ष विकेश कुमार को भी चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के तीन अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। उनकी तलाश में नदी किनारे और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फरार आरोपियों के आरा के रहने वाले होने की जानकारी सामने आई है।
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से बड़ी संख्या में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामान में एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा और करीब 25 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक नाव को भी जब्त किया है।
नाव के जरिए वसूली की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहटा के परेव सोन नदी इलाके में कुछ अपराधी नाव के जरिए अवैध बालू के कारोबार से जुड़े लोगों से रंगदारी वसूल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। देखते ही देखते नदी किनारे गोलियों की आवाज गूंजने लगी और मुठभेड़ शुरू हो गई।
सिटी एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस टीम से मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में जानकारी ली। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां उसके साथियों, गिरोह के आपराधिक नेटवर्क और अवैध बालू कारोबार में रंगदारी वसूली से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।