कानपुर, 29 अगस्त 2026: कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग सीजन-4, पावर्ड बाय Vimal Elaichi और NCS, के कानपुर चरण का दूसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच खेला जा रहा मुकाबला तेज बारिश के चलते पूरा नहीं हो सका। शाम करीब 5:30 बजे मैच रद्द करने का फैसला लिया गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया।

टॉस जीतकर लखनऊ फाल्कन्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मेरठ मावेरिक्स ने 8.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 67 रन बनाए थे, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के कारण मैदान दोबारा खेलने के लिए तैयार नहीं हो सका।
स्वास्तिक चिकारा ने संभाली मेरठ की पारी
मेरठ मावेरिक्स की ओर से स्वास्तिक चिकारा ने 30 गेंदों पर नाबाद 39 रन की पारी खेली। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। दिव्यांश जोशी ने 17 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि अक्षय दुबे चार रन बनाकर आउट हुए। ऋतुराज शर्मा बिना खाता खोले नाबाद रहे।लखनऊ फाल्कन्स की ओर से भुवनेश्वर कुमार और कृष्ण कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया। बारिश शुरू होने के बाद अंपायरों और ग्राउंड स्टाफ ने मैदान को खेलने लायक बनाने की काफी कोशिश की, लेकिन लगातार बारिश के कारण परिस्थितियां अनुकूल नहीं हो सकीं। आखिरकार मुकाबला रद्द करना पड़ा।
पारंपरिक घंटा बजाकर हुआ मैच का शुभारंभ
मैच की औपचारिक शुरुआत एनसीसी ग्रुप मुख्यालय कानपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार शास्त्री ने अपनी पत्नी के साथ टॉस कराकर और पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस अवसर पर ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार शास्त्री ने कहा कि ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर यूपी टी-20 लीग के मुकाबले होना कानपुर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और क्रिकेट के प्रति नई पीढ़ी में उत्साह बढ़ाते हैं।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर चरण में लीग अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर होने वाले बड़े मुकाबले युवा खिलाड़ियों को दबाव में अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण अनुभव देते हैं।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, वेन्यू डायरेक्टर संजय तिवारी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सिर्फ 8.3 ओवर का खेल हो सका
तेज बारिश के कारण मुकाबला महज 8.3 ओवर तक ही खेला जा सका। मेरठ मावेरिक्स ने इस दौरान 67 रन बनाए और उसके दो विकेट गिरे। इसके बाद बारिश नहीं रुकी और मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। मैच रद्द होने के साथ ही लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मावेरिक्स को एक-एक अंक दिया गया।


