दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अर्धशतक से महज 6 रन दूर रह गए। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेले जा रहे मुकाबले में वैभव ने 37 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली। उनकी पारी का अंत एक शानदार कैच के जरिए हुआ। टॉस जीतकर ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। वैभव ने अपनी पारी में 5 चौके और 1 छक्का लगाया।
सिराज की गेंद पर जड़ा शानदार छक्का
वैभव ने अपनी पारी के दौरान मोहम्मद सिराज को भी निशाना बनाया। सिराज के एक ओवर में उन्होंने छक्का लगाते हुए कुल 14 रन बटोरे। हालांकि, सिराज शुरुआती स्पेल में विकेट हासिल नहीं कर सके और काफी महंगे साबित हुए। सिराज ने शुरुआती 5 ओवर में 41 रन खर्च किए। उनकी इकॉनमी 8.20 रन प्रति ओवर रही। वहीं त्रिपुराना विजय ने भी अपने शुरुआती तीन ओवर में 27 रन दे दिए।
चामा मिलिंद ने किया वैभव का शिकार
वैभव की आक्रामक पारी पर ब्रेक लगाने का काम चामा मिलिंद ने किया। हालांकि इस विकेट में गेंदबाज के साथ फील्डर की भूमिका भी बेहद अहम रही। वैभव के शॉट को तनय त्यागराजन ने शानदार अंदाज में कैच में तब्दील कर दिया। खास बात यह रही कि तनय त्यागराजन साउथ जोन की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। वह सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर आए थे और उन्होंने मौके को भुनाते हुए वैभव की पारी खत्म कर दी।
ईस्ट जोन को मिली शानदार शुरुआत
वैभव और अभिमन्यु ईश्वरन ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर ईस्ट जोन को मजबूत शुरुआत दिलाई। वैभव के आउट होने के बाद भी ईश्वरन ने पारी को संभाले रखा।खबर लिखे जाने तक ईस्ट जोन ने 18 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 118 रन बना लिए थे। अभिमन्यु ईश्वरन 64 रन और शिखर मोहन 9 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। फाइनल में ईस्ट जोन की कोशिश अब इस मजबूत शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की होगी, जबकि साउथ जोन जल्द से जल्द विकेट हासिल कर मैच में वापसी करना चाहेगा।