उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के नए ड्रेस कोड को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा की छात्रसभा के नीले ड्रेस कोड पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव पर तंज कसा है। राजभर ने कहा कि रंग और वर्दी अपनाने से किसी संगठन में अनुशासन नहीं आ जाता। ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी ‘राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना’ का एक वीडियो साझा किया। वीडियो में संगठन के सदस्य नीली वर्दी पहने और हाथों में छड़ी लिए नजर आ रहे हैं। इसी वीडियो के जरिए राजभर ने सपा के नए ड्रेस कोड पर सवाल उठाए और अखिलेश यादव को लेकर कई टिप्पणियां कीं।
‘रंग-वर्दी चुराने से अनुशासन नहीं आएगा’
राजभर ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को यूनिफॉर्म पहनाने का फैसला किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रंग और वर्दी अपनाने की कोशिश की जा सकती है, लेकिन इससे अनुशासन नहीं दिया जा सकता। सुभासपा प्रमुख ने अपनी राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश यादव पहले भी इस संगठन की कार्यशैली और अनुशासन की तारीफ कर चुके हैं। राजभर के मुताबिक, जब दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक गठबंधन था, तब मऊ के हलधरपुर में हुई एक रैली में अखिलेश यादव ने सुहेलदेव सेना के अनुशासन की सराहना की थी। राजभर ने आगे अखिलेश यादव को लेकर पीले गमछे का भी जिक्र किया और कहा कि उन पर पीला गमछा अच्छा लगेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बार सपा प्रमुख इसी रंग में नजर आएंगे।
पहले PDA की परिभाषा पर भी साधा था निशाना
ओपी राजभर इससे पहले भी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तंज कस चुके हैं। उन्होंने सपा के PDA को लेकर एक अलग राजनीतिक व्याख्या पेश की थी। राजभर ने चुनावी हार के संदर्भ में ‘PDA’ का अर्थ बताते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा था कि लाल रंग खतरे का संकेत है। राजभर ने सपा से नीला रंग अपनाने की बात कहते हुए झंडे और टोपी में बदलाव का सुझाव भी दिया था। उनके इन बयानों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
सपा ने बदला छात्रसभा का ड्रेस कोड
दरअसल, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी युवाओं और दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसी क्रम में पार्टी की छात्रसभा के पदाधिकारियों के ड्रेस कोड में बदलाव किया गया है। अब छात्रसभा के पदाधिकारियों के लिए पारंपरिक लाल रंग की जगह नीली जींस और नीली टी-शर्ट को ड्रेस कोड के तौर पर अपनाया गया है। सपा के इस बदलाव के बाद ही ओपी राजभर ने अपनी राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना की नीली वर्दी का वीडियो साझा करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।