बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. गोपालपुर खड़ाना गांव में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग और मारपीट की घटना सामने आई है. इस दौरान राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात जवान सौरभ तोमर गोली लगने से घायल हो गए. वहीं, उनके बड़े भाई विनीत के सिर पर भी लाठी से हमला किया गया. दोनों को उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घर के बाहर आतिशबाजी के दौरान हुआ विवाद
परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 9 बजे सौरभ तोमर और उनके भाई विनीत घर के सामने आतिशबाजी कर रहे थे. इसी दौरान गांव के रहने वाले धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण कथित तौर पर तमंचे और लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए.
आरोप है कि दोनों ने पहुंचते ही भाइयों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने फायरिंग कर दी. इस दौरान चली गोली सौरभ तोमर के सिर में लगी. गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े. वहीं, विनीत के सिर पर भी लाठी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद सौरभ को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने दर्ज की FIR, गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित
मामले में बागपत पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी साझा की है. पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे रमाला थाना पुलिस को गोपालपुर खड़ाना गांव में गोली चलने की सूचना मिली थी.
पुलिस के अनुसार, मोनू उर्फ प्रवीण और धीरज की ओर से चलाई गई गोली दीवार से टकराकर सौरभ को लगी थी. इस घटना में विनीत के सिर पर डंडे से हमला कर उन्हें भी घायल किया गया. सौरभ राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात हैं.
पुलिस ने बताया कि पीड़ित के पिता जनकराज की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दोनों घायलों का मेरठ के अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत सामान्य बताई गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.