नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में निजी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे अनुभव साझा किए हैं, जिनके बारे में उन्होंने अब तक सार्वजनिक रूप से बहुत कम बात की थी. किताब में उन्होंने अपने स्वास्थ्य से जुड़ी दो गंभीर घटनाओं का जिक्र किया है. सोनिया के मुताबिक, वर्ष 2010 में स्तन कैंसर की आशंका के चलते उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी. इसके करीब एक साल बाद अग्न्याशय में गांठ मिलने से वह और उनका परिवार एक बार फिर चिंता में पड़ गया था.
सोनिया गांधी ने लिखा है कि दोनों ही मौकों पर बीमारी के संभावित गंभीर परिणामों को लेकर वह काफी परेशान थीं. उन्हें अपने साथ-साथ बच्चों की भी चिंता सता रही थी. उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की सलाह और परिवार के सहयोग के बावजूद इन परिस्थितियों से गुजरना उनके लिए मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण था.
बीमारी की खबर से घबरा गई थीं सोनिया गांधी
आत्मकथा में सोनिया गांधी ने बताया कि वर्ष 2010 में स्तन कैंसर की आशंका के चलते डॉक्टरों ने उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी. दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों पर उन्हें पूरा भरोसा था, लेकिन बीमारी की गंभीरता और इलाज की जरूरत ने उन्हें चिंतित कर दिया था.
उन्होंने किताब में लिखा है कि डॉक्टरों ने उन्हें और उनके बच्चों को साफ कर दिया था कि इलाज में देरी नहीं की जा सकती. इस खबर के बाद उनके मन में बीमारी के संभावित नतीजों को लेकर कई तरह की आशंकाएं पैदा होने लगी थीं.
निजता बनाए रखने के लिए इटली में कराया ऑपरेशन
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में बताया कि बीमारी की जानकारी सार्वजनिक होने और मीडिया की दखलअंदाजी की आशंका के चलते उन्होंने भारत के बजाय विदेश में इलाज कराने का फैसला किया. मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में इलाज कराने के विकल्प पर विचार करने के बाद उन्होंने इटली के मिलान के पास स्थित यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी को चुना.
उन्होंने लिखा कि वह हमेशा अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखना चाहती थीं. एक सार्वजनिक हस्ती होने के बावजूद उन्हें लगता था कि उन्हें अपनी बीमारी और निजी जीवन को गोपनीय रखने का अधिकार मिलना चाहिए.
ऑपरेशन के वक्त राहुल और प्रियंका ने संभाला हौसला
किताब में सोनिया गांधी ने उस भावुक पल का भी जिक्र किया है, जब उन्हें ऑपरेशन थिएटर ले जाया जा रहा था. उस समय उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी उनके साथ थे. सोनिया के मुताबिक, दोनों ने उनका हाथ थामा और माथे को चूमकर भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा.
उन्होंने बताया कि जाने-माने सर्जन डॉ. उम्बर्टो वेरोनेसी की देखरेख में उनका ऑपरेशन हुआ. सर्जरी के दौरान दो ट्यूमर निकाले गए. इनमें से एक में कैंसर की आशंका नहीं थी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे भी हटा दिया गया. सोनिया ने यह भी बताया कि ऑपरेशन के दौरान ही रेडिएशन उपचार किया गया, जिससे उन्हें बाद में पांच सप्ताह तक रेडियोथेरेपी कराने की जरूरत नहीं पड़ी.
अग्न्याशय में गांठ मिलने से दोबारा बढ़ी चिंता
सोनिया गांधी ने बताया कि पहली सर्जरी के बाद पूरी तरह स्वस्थ होने में उन्हें करीब एक साल लगा. इसी दौरान नियमित जांच में उनके अग्न्याशय यानी पैंक्रियाज में एक और गांठ का पता चला. इस खबर ने उन्हें और उनके बच्चों को फिर से चिंता में डाल दिया. परिवार को आशंका हुई कि कहीं पहले हुई बीमारी दोबारा तो नहीं उभर आई है.
कई डॉक्टरों से सलाह लेने के बाद उन्हें तत्काल ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई. शुरुआत में गांठ के न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर होने की आशंका जताई गई थी. इसके चलते सर्जरी लंबी होने और अस्पताल में अधिक समय तक रुकने की संभावना थी.
इस बार सोनिया गांधी को नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर ले जाया गया. वहां अग्न्याशय की सर्जरी के विशेषज्ञ डॉ. कैस्पर वान आइक ने उनका इलाज किया. सोनिया ने लिखा कि ऑपरेशन से पहले वह काफी बेचैन थीं और उनके मन में बीमारी के गंभीर होने की आशंका लगातार बनी हुई थी.
हालांकि, सर्जरी के बाद डॉक्टर ने उन्हें राहत भरी जानकारी दी. सोनिया के मुताबिक, डॉक्टर ने बताया कि ट्यूमर शुरुआती कैंसर-पूर्व अवस्था में था और समय रहते उसका पता चल गया था. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को अपने जीवन के बेहद कठिन अनुभवों में से एक बताया.
वाराणसी की रैली में बेहोश होने का भी किया जिक्र
अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अगस्त 2016 में वाराणसी में हुई एक चुनावी रैली के दौरान तबीयत बिगड़ने की घटना भी साझा की है. उन्होंने बताया कि रैली के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. काफिला कई घंटों तक चलता रहा और इस दौरान उन्हें लगातार थकान महसूस होने लगी. बाद में वह बेहोश हो गईं और उन्हें विमान से दिल्ली लाया गया.
सोनिया ने इस घटना का जिक्र करते हुए लिखा कि बेहोशी की हालत में उन्हें अपने दिवंगत पति राजीव गांधी दिखाई दिए. उन्होंने राजीव को अपनी ओर हाथ बढ़ाते और मुस्कुराते हुए देखा. सोनिया के मुताबिक, उनकी करीबी सहयोगी और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित उस समय उनके साथ थीं. शीला ने बाद में बताया था कि विमान में सफर के दौरान सोनिया के चेहरे पर अचानक मुस्कान आ गई थी.
इस घटना में सोनिया के कंधे में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें एक बार फिर ऑपरेशन कराना पड़ा.
आत्मकथा में निजी जीवन से राजनीति तक का सफर
हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित 526 पन्नों की इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के कई अहम पड़ावों को जगह दी है. इसमें युद्ध के बाद के इटली में बिताए बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में विवाह, राजीव गांधी के साथ जीवन, उनकी हत्या के बाद के दौर और राजनीति में आने तक के अनुभव शामिल हैं.
किताब के जरिए सोनिया गांधी ने अपने सार्वजनिक जीवन के साथ-साथ उन निजी संघर्षों और भावनात्मक अनुभवों को भी सामने रखा है, जिनसे उनका परिवार अलग-अलग समय पर गुजरा.