कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ रहे हैं। हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कारोबारी की बहू शालू फिलहाल जेल में है। परिवार के मुताबिक, शालू का पांच वर्षीय बेटा मां के जेल जाने के बाद परेशान है और ठीक से खाना भी नहीं खा रहा है। इस बीच, शालू के सोशल मीडिया अकाउंट की पुरानी पोस्ट और आरोपी विशाल गौतम के साथ कथित चैट पुलिस जांच के अहम हिस्से बन गए हैं।
दादा ने पोते को दिया था स्पोर्ट्स बाइक का सरप्राइज
जांच के बीच शालू के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया एक पुराना वीडियो चर्चा में है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 16 नवंबर 2025 को पोस्ट किया गया था। वीडियो में शालू अपने बेटे के जन्मदिन की तैयारी करती नजर आती है। घर को गुब्बारों से सजाया गया था और बच्चे के कमरे में केक रखा गया था। स्कूल से लौटने के बाद बच्चा कमरे में पहुंचता है, तभी विनीत मिनोचा भी वहां आ जाते हैं। दादा को देखते ही बच्चा उनसे लिपट जाता है। इसके बाद शालू बच्चे को कमरे में रखे सरप्राइज की ओर ले जाती है। वहां चादर से ढकी एक वस्तु रखी थी। चादर हटाने पर सामने स्पोर्ट्स बाइक दिखाई देती है, जिसे दादा ने अपने पोते को गिफ्ट किया था। वीडियो में बच्चे की खुशी साफ नजर आती है। अब यही पुराना वीडियो परिवार के लिए बेहद भावुक कर देने वाला है। एक तरफ बच्चे के दादा की हत्या हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर उसकी मां इस मामले में आरोपी बनकर जेल में है।
शालू के सोशल मीडिया अकाउंट की पुरानी पोस्ट भी जांच के दायरे में
पुलिस जांच के दौरान शालू की सोशल मीडिया गतिविधियां भी सामने आई हैं। Shalu Arora Minocha नाम से बताए जा रहे उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर परिवार और निजी जिंदगी से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं। इन पोस्ट में बेटे के जन्म और जन्मदिन के कार्यक्रमों के अलावा पति सुब्रत के साथ शादी समारोह, करवाचौथ और दोस्तों के साथ पार्टी की तस्वीरें शामिल हैं। शालू ने मार्च 2020 में अपनी बैचलर पार्टी की तस्वीरें भी पोस्ट की थीं। हालांकि, कारोबारी की हत्या के बाद इन पुरानी पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
शालू और विशाल की कथित चैट से मिले सुराग
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान शालू और आरोपी विशाल गौतम के बीच हुई कथित चैट भी सामने आई है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि दोनों लंबे समय से वॉट्सऐप के जरिए संपर्क में थे। जांच के अनुसार, शुरुआत में विशाल की ओर से शालू को गुड मॉर्निंग और गुड नाइट जैसे संदेश भेजे जाते थे, जिनका जवाब कथित तौर पर नहीं मिलता था। पुलिस का कहना है कि करीब तीन महीने पहले दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और इसके बाद शालू की ओर से भी मैसेज किए जाने लगे। पुलिस अब दोनों के बीच बातचीत के पूरे संदर्भ और समय-क्रम की जांच कर रही है। इसी अवधि को कथित साजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, हत्या की योजना कब बनी और इसमें किसकी क्या भूमिका थी, इसका अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने और अदालत में साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगा।
हत्या के बाद चैट डिलीट करने का पुलिस का दावा
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हत्या के बाद विशाल ने शालू के साथ हुई चैट डिलीट करने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस का दावा है कि वॉट्सऐप कॉल से जुड़े कुछ रिकॉर्ड जांच में मिले हैं। पुलिस के अनुसार, विशाल का बच्चे से भी संपर्क था और हत्या वाले दिन दोनों के बीच बातचीत हुई थी। इसके अलावा जांच एजेंसियों का दावा है कि वारदात के बाद फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी आरोपी ने अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर फेंक दी थी। पुलिस अब चाबी बरामद करने और अन्य साक्ष्यों के लिए आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।
पार्टी में मौजूद थी शालू, पुलिस ने साजिश का लगाया आरोप
पुलिस के अनुसार, जिस समय विनीत मिनोचा की हत्या हुई, उस दौरान शालू एक पार्टी में मौजूद थी। पुलिस का आरोप है कि हत्या की साजिश पहले से तैयार थी और पार्टी के दौरान शालू मोबाइल के जरिए विशाल के संपर्क में थी। इस मामले में शालू समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फिलहाल पुलिस कथित चैट, कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्यों और वारदात के बाद की गतिविधियों को जोड़कर पूरी साजिश की कड़ियां तलाश रही है।