सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में हुए जहरीली शराब कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि लखेरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरायठा थाना क्षेत्र के हनुमान टोंग इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
100 पुलिसकर्मियों की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि लखेरा उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे जंगलों में छिपा हुआ है। इसके बाद उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि टीम को हनुमान टोंग के पास आरोपी की मौजूदगी का पता चला। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान रवि ने मौके से भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, रवि लखेरा की गिरफ्तारी से जहरीली शराब की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। बंडा इलाके में जहरीली शराब पीने से अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 120 से अधिक लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी कर रही है। रवि लखेरा की गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने बताया था कि मामले में नामजद करीब 30 आरोपियों में से 16 को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया था।
ललितपुर से जुड़ा था शराब कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक, रवि लखेरा का संबंध उत्तर प्रदेश के ललितपुर से है और उसके जरिए ललितपुर से सागर तक शराब सप्लाई का कनेक्शन सामने आया है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि वह अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़ा रहा है। रवि लखेरा के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत अन्य जगहों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें बड़ी संख्या आबकारी अधिनियम से जुड़े मामलों की बताई जा रही है। वह मूल रूप से महोबा जिले का रहने वाला है, जबकि उसके माता-पिता वहीं रहते हैं।
CM मोहन यादव बोले- आरोपियों को नहीं छोड़ेंगे
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सागर जहरीली शराब कांड पर प्रतिक्रिया दी है। भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि मामले में एक आरोपी का एनकाउंटर हुआ है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आरोपी के घर पर पहले ही बुलडोजर कार्रवाई की जा चुकी है। सरकार की ओर से मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया है।