लखनऊ/दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू हो गई है. सोमवार को दोनों दलों के नेताओं के बीच बैठक हुई. करीब 30 मिनट तक चली इस बैठक में गठबंधन और सीट शेयरिंग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक के बाद सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने बताया कि बातचीत का अगला दौर मंगलवार को होगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि तीन दिनों के भीतर बातचीत को अंतिम रूप दे दिया जाएगा.
तीन दिन तक चलेगी सीट शेयरिंग पर चर्चा
दरअसल, उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल को लेकर मंथन चल रहा है. दोनों पार्टियों ने बातचीत के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया है. सपा की ओर से रामगोपाल यादव इस प्रक्रिया की अगुवाई कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा समेत वरिष्ठ नेता बातचीत में शामिल हैं.
दोनों दलों के बीच 23, 24 और 25 नवंबर को बैठकें प्रस्तावित हैं. इसी क्रम में सोमवार को बातचीत का पहला दौर हुआ. रामगोपाल यादव के मुताबिक, मंगलवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने बैठेंगे और सीटों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ाएंगे.
जीत की संभावना के आधार पर होगा सीटों का बंटवारा
सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच सबसे अहम मुद्दा सीटों की संख्या और बंटवारे का फॉर्मूला है. चर्चा है कि विधानसभा चुनाव 2022 और लोकसभा चुनाव 2024 में दोनों पार्टियों के प्रदर्शन के साथ संबंधित सीटों पर जीत की संभावनाओं को भी आधार बनाया जा सकता है.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सीटों के बंटवारे में जीत की संभावना को प्राथमिकता दी जाएगी. ऐसे में दोनों दलों के बीच उन विधानसभा क्षेत्रों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है, जहां कांग्रेस और सपा अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर सकती हैं.
दोनों पार्टियों ने बनाई है समन्वय समिति
समाजवादी पार्टी ने बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई है. इसकी अध्यक्षता रामगोपाल यादव कर रहे हैं. समिति में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी भी शामिल हैं. वहीं कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद को जिम्मेदारी दी गई है.
फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर अंतिम सहमति सामने नहीं आई है. अब मंगलवार और बुधवार को होने वाली बैठकों पर नजर रहेगी. इन बैठकों के बाद ही यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन के सीट बंटवारे की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है.