BRICS शिखर सम्मेलन के पहले दिन भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक नेताओं के सम्मान में भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष इस खास आयोजन में शामिल हुए। हालांकि, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद डिनर में नजर नहीं आए। खास बात यह रही कि मेहमानों के लिए तैयार किए गए मेन्यू में भारत के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक शाकाहारी व्यंजनों को प्रमुखता दी गई।
गाला डिनर में क्यों नहीं पहुंचे शी जिनपिंग?
नई दिल्ली में आयोजित BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आयोजित रात्रिभोज में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शामिल नहीं हुए। मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र के मुताबिक, शी जिनपिंग संभवत: आराम करने के लिए होटल लौट गए थे। वहीं, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी डिनर का हिस्सा नहीं बने। बताया गया कि BRICS सम्मेलन में शामिल होने के बाद वह तुरंत स्वदेश लौट गए थे। इसी वजह से उनकी अनुपस्थिति रही।
पुतिन समेत कई बड़े नेता डिनर में पहुंचे
भारत मंडपम में हुए इस विशेष आयोजन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS देशों के कई प्रमुख नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए। देश के केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी रात्रिभोज में शिरकत की। केंद्रीय मंत्रियों में अमित शाह, निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान, सर्बानंद सोनोवाल और किरेन रिजिजू समेत कई नेता शामिल रहे। कई मंत्री एक साथ बसों में सवार होकर भारत मंडपम पहुंचे। राज्यों के मुख्यमंत्रियों में उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, असम के हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी डिनर में पहुंचीं। पश्चिम बंगाल से सुवेंदु अधिकारी भी इस आयोजन में शामिल हुए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी इस दौरान मौजूद रहे।
भारतीय जायके से सजा गाला डिनर
प्रधानमंत्री मोदी के विशेष रात्रिभोज में भारतीय खान-पान की विविधता देखने को मिली। मेहमानों के लिए तैयार किए गए शाकाहारी मेन्यू में देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक स्वाद को आधुनिक अंदाज में पेश किया गया।
स्टार्टर में खंडवी और मशरूम कबाब
डिनर की शुरुआत खास स्टार्टर से हुई। मेहमानों को खंडवी मिले-फॉय और खुंब गलौटी परोसा गया।
- खंडवी मिले-फॉय: बेसन से तैयार स्टीम्ड खंडवी को सरसों, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ परोसा गया। इसमें केसर आम, माइक्रोग्रीन्स और योगर्ट ड्रेसिंग का भी इस्तेमाल किया गया।
- खुंब गलौटी: मशरूम से तैयार कबाब को तवे पर हल्का ग्रिल किया गया। इसे मिंट पर्ल्स और शीरमल ब्रेड के साथ परोसा गया।
हिमालयी गुच्छी से दक्षिण भारतीय सारू तक
मुख्य भोजन में भारत की क्षेत्रीय पाक परंपराओं की खास झलक दिखाई दी। मेन्यू में पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरट बीन पोरियाल, ठक्काली बेले सारू, मिलेट पुलाव, बीटरूट रायता और कई तरह की रोटियां शामिल थीं। गुच्छी मार्मिक में हिमालयी गुच्छी मशरूम और एस्पेरेगस को केसर, किशमिश और ममरा बादाम के साथ तैयार किया गया था। वहीं, ठक्काली बेले सारू अरहर दाल और टमाटर से बना दक्षिण भारतीय शैली का हल्का सूप था।
डेजर्ट में जलेबी और शहतूत फिरनी ने बढ़ाई मिठास
रात्रिभोज के आखिरी हिस्से में मेहमानों के लिए खास मिठाइयां परोसी गईं। इनमें ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी और शहतूत फिरनी शामिल थीं। ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी में मौसमी फलों, हल्की व्हिप्ड क्रीम और कुरकुरी जलेबी का मेल देखने को मिला। दूसरी ओर, शहतूत फिरनी को दूध और चावल से धीमी आंच पर तैयार किया गया था। इसे मीठे शहतूत और गोल्ड लीफ से सजाया गया। BRICS गाला डिनर में भारतीय व्यंजनों की यह प्रस्तुति देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध खान-पान को वैश्विक मंच पर पेश करने का एक खास अवसर बनी।