पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को मस्जिद के पास हुए भीषण धमाके में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका ओल्ड पुलिस लाइंस के पास स्थित मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हुआ। घायलों को कोहाट के जिला मुख्यालय अस्पताल समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के बाहर बड़ा गड्ढा बन गया और इमारत का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक दीवार भी ढह गई। मृतकों में पुलिसकर्मी और आम नागरिक दोनों शामिल हैं। ताजा पुलिस जानकारी में 16 मृतकों में पांच पुलिसकर्मी और 11 नागरिक बताए गए हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि विस्फोटक से लदी एक गाड़ी को ओल्ड पुलिस लाइंस के गेट से टकराया गया, जिसके बाद धमाका हुआ। इसके बाद इलाके में गोलीबारी भी हुई। हालांकि, घटना की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी। धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और बचाव दल ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई घायलों को मलबे से निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में आपात स्थिति घोषित की गई है।
शहबाज शरीफ और आसिफ अली जरदारी ने जताया दुख
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की निंदा करते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भी घटना पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली
फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, क्षेत्र में सक्रिय पाकिस्तानी तालिबान (TTP) समेत अन्य आतंकी संगठनों की भूमिका की जांच की जा रही है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे जिम्मेदार संगठन की पुष्टि हो सकेगी।