लखनऊ/नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने राज्य की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद सोमवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। चुनाव के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होना है।
बीजेपी की ओर से जारी सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने इस बार मौजूदा राज्यसभा सदस्यों को दोबारा मौका देने के बजाय कई संगठनात्मक और नए चेहरों पर भरोसा जताया है।
हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को नहीं मिला टिकट
बीजेपी की सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के नाम नहीं हैं। दोनों का मौजूदा राज्यसभा कार्यकाल उत्तर प्रदेश से समाप्त होने वाले कार्यकालों में शामिल है। बीजेपी ने इस बार इन दोनों नेताओं को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन की प्रक्रिया के बाद 16 अक्टूबर को मतदान और उसी दिन मतगणना होगी।
कौन हैं बीजेपी के 8 उम्मीदवार?
धर्मपाल सिंह
धर्मपाल सिंह उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री हैं और आंवला विधानसभा सीट से विधायक हैं। बीजेपी संगठन में भी वह लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाकर प्रदेश की राजनीति से संसद के उच्च सदन में भेजने की तैयारी की है।
राधाकांत ओझा
राधाकांत ओझा इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। वह इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। कानूनी क्षेत्र में उनकी लंबी सक्रियता रही है। बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाकर राजनीतिक सूची में एक अलग पेशेवर पृष्ठभूमि वाले चेहरे को जगह दी है।
प्रकाश पाल
प्रकाश पाल बीजेपी के संगठन में सक्रिय नेता हैं और उत्तर प्रदेश बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले वह कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में भी संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
विद्यासागर सोनकर
विद्यासागर सोनकर बीजेपी के वरिष्ठ दलित नेताओं में शामिल हैं। वह लोकसभा सांसद और विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं। जौनपुर क्षेत्र से आने वाले सोनकर पार्टी में प्रदेश महामंत्री समेत कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। राज्यसभा के लिए उनका नाम पार्टी की सूची में शामिल किया गया है।
गोपी कृष्ण पाण्डेय
गोपी कृष्ण पाण्डेय बीजेपी के पुराने और संगठन से जुड़े नेताओं में गिने जाते हैं। लंबे समय से पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और जमीनी गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। बीजेपी ने अब उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।
प्रियंका सिंह रावत
प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से पूर्व लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। वह उत्तर प्रदेश बीजेपी में सक्रिय महिला नेताओं में शामिल हैं। संगठन में उनकी सक्रियता के साथ ही संसदीय राजनीति का अनुभव भी उनके खाते में है। अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है।
राम प्रताप सिंह चौहान
राम प्रताप सिंह चौहान उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी हैं। वह आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुके हैं। संगठन में लंबे समय से सक्रिय चौहान को अब पार्टी ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।
श्रुति गंगवार
श्रुति गंगवार बरेली की अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन हैं और सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रही हैं। वह आईआईटी से पढ़ी हैं। श्रुति गंगवार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं। बरेली और आसपास के इलाकों में उनकी सामाजिक और राजनीतिक सक्रियता रही है।
योगी आदित्यनाथ ने दी उम्मीदवारों को बधाई
बीजेपी की ओर से नामों का ऐलान होने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उम्मीदवारों की जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 16 अक्टूबर को होने वाले मतदान में राज्य की 10 सीटों के लिए तस्वीर साफ होगी।