पश्चिम बंगाल के कोलकाता में चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताया है। इस हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। राहुल गांधी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रशासन से घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने की अपील भी की।
राहुल गांधी बोले- भविष्य में ऐसी त्रासदी न हो
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर बेहद दुखद है। इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है।उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राहुल गांधी ने प्रशासन से अपील की कि सभी घायलों को तत्काल बेहतर इलाज मिले और हादसे की निष्पक्ष जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो। राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी राहत कार्यों में हरसंभव मदद करने की अपील की।
बारिश और भीड़ के बीच एग्जिट गेट पर मची भगदड़
कोलकाता पुलिस के मुताबिक, शनिवार 17 अक्टूबर को शाम करीब 7:40 बजे बारिश और भीड़ के कारण शारदा पार्क पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मच गई। हादसे के बाद एहतियातन पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया। प्रशासन के निर्देश पर ताला प्रतॉय पंडाल को भी बंद कराया गया, जबकि चेतला अग्रणी पंडाल को एक घंटे के लिए बंद रखा गया था। पुलिस घटना के कारणों और भीड़ प्रबंधन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
पूजा समिति के पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा
हादसे के बाद चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा समिति के जनरल सेक्रेटरी और अन्य पदाधिकारियों के इस्तीफा देने की जानकारी सामने आई है। घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि अब तक 19 लोगों की मौत हुई है और 25 लोग घायल हैं। इनमें एक या दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में क्लब की ओर से माइक पर की गई घोषणा के बाद भगदड़ या दम घुटने जैसी स्थिति बनने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घायलों का इलाज और पीड़ित परिवारों की मदद प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल सरकार की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और मृतकों के परिवारों को हरसंभव मदद देना है। प्रशासन हादसे से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान हुए इस हादसे के बाद पंडालों में सुरक्षा इंतजाम, प्रवेश-निकास के रास्ते और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।