नोएडा: नोएडा के सेक्टर-126 इलाके में शनिवार रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान रणदीप भाटी गैंग से जुड़े 50 हजार रुपये के इनामी शार्प शूटर अमन उर्फ माया त्यागी की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए अमन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
डीसीपी प्रीति यादव के मुताबिक, 31 अक्टूबर की शाम एसओजी और सेक्टर-126 पुलिस की टीम इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी. इसी दौरान चेकिंग के लिए एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया. आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें दो जवान घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक सवार भी घायल हो गया.
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर घायल पुलिसकर्मियों और आरोपी को अस्पताल पहुंचाया. इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई. उसकी पहचान मुजफ्फरनगर निवासी अमन त्यागी के रूप में हुई है.
एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, अमन त्यागी पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. वह बादलपुर थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. हाल ही में उसने अपने साथियों के साथ बादलपुर थाना क्षेत्र में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था. इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही थी.
रणदीप भाटी और अनिल दुजाना गैंग से जुड़ा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, अमन उर्फ माया त्यागी का संबंध कुख्यात रणदीप भाटी और अनिल दुजाना गैंग से था. इससे पहले वर्ष 2019 में भी फेज-2 थाना पुलिस के साथ उसकी मुठभेड़ हुई थी. उस दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था.
जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया था. फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और हालिया वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.