पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला स्थित सरकारी स्कूल में हुई मारपीट की घटना के बाद चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती छह साल की बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है. कई दिनों तक गंभीर स्थिति में रहने के बाद अब उसकी सेहत बेहतर बताई जा रही है. परिवार के लिए राहत की बात यह है कि बच्ची ने घटना के बाद पहली बार खाना खाया है. मां की गोद में बैठकर खिचड़ी खाते हुए उसका वीडियो भी सामने आया है.
मां की गोद में बैठकर खाई खिचड़ी
बच्ची के परिवार ने उसकी मौजूदा स्थिति का वीडियो साझा किया है. इसमें वह अपनी मां की गोद में बैठकर खिचड़ी खाती दिखाई दे रही है. बच्ची को दोबारा भोजन करते देख माता-पिता ने राहत महसूस की है. घटना के बाद से ही उसका चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चल रहा है और डॉक्टर लगातार उसकी सेहत पर नजर रख रहे हैं.
परिजनों ने इस मुश्किल समय में साथ देने वाले लोगों का आभार जताया है. उनका कहना है कि देशभर से मिल रहे समर्थन और शुभकामनाओं ने उन्हें हिम्मत दी है. बच्ची की हालत में सुधार की खबर से उसके लिए प्रार्थना कर रहे लोगों ने भी राहत की सांस ली है.
दो शिक्षिकाएं निलंबित, प्रिंसिपल समेत तीन के खिलाफ FIR
यह मामला पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृत प्राथमिक विद्यालय का है. बच्ची के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है. संबंधित दो शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया गया है. इसके अलावा दोनों शिक्षिकाओं और स्कूल की प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. मामले में आठ साल के आरोपी बच्चे का मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराए जाने की भी संभावना जताई जा रही है, ताकि उसके व्यवहार के पीछे की वजहों को समझा जा सके.
बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने मांगी रिपोर्ट
हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (HSCPCR) ने भी घटना का संज्ञान लिया है. आयोग ने पंचकूला के जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर शिक्षा विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. आयोग की अध्यक्ष तृप्ति श्योराण के मुताबिक, उन्हें गुरुवार शाम घटना से जुड़ा एक वीडियो मिला था. उन्होंने कहा कि आठ साल के बच्चे के व्यवहार को समझने के लिए उसका मानसिक स्वास्थ्य मूल्यांकन और काउंसलिंग जरूरी है.
उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे के पारिवारिक माहौल, आसपास के वातावरण और हिंसक वीडियो गेम सहित दूसरे संभावित पहलुओं की जांच की जानी चाहिए. इन बातों को समझने के बाद ही उसके व्यवहार के कारणों का आकलन किया जा सकेगा.