लखनऊ, 31 अक्टूबर। विज्ञान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ने के संकल्प के साथ विज्ञान भारती का स्थापना दिवस समारोह शनिवार को सीएसआईआर–भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-आईआईटीआर), लखनऊ में आयोजित किया गया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं विज्ञान भारती की प्रार्थना के साथ हुआ। अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के उपरांत प्रो. विनय कुमार सिंह, महासचिव, विज्ञान भारती, अवध प्रांत ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। डॉ. रजनीश चतुर्वेदी, क्षेत्र संयोजक, विज्ञान भारती, पूर्वी उत्तर प्रदेश ने विज्ञान भारती की स्थापना की पृष्ठभूमि, संगठन के उद्देश्यों तथा देशभर में वैज्ञानिक चेतना के प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री प्रवीण रामदास ने अपने संबोधन में संगठन की राष्ट्रीय दृष्टि, उद्देश्यों तथा समाज में स्वदेशी वैज्ञानिक चिंतन एवं वैज्ञानिक चेतना के विस्तार के लिए उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। समारोह की अध्यक्षता विज्ञान भारती, अवध प्रांत के अध्यक्ष प्रो. भृगुनाथ सिंह ने की।
इस अवसर पर सीएसआईआर-आईआईटीआर के वैज्ञानिक-जी डॉ. आर. एस. राय तथा विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अरविंद सी. रानाडे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह का एक प्रमुख आकर्षण अवध विज्ञान भारती की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण रहा। यह पहल संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भावी कार्यक्रमों को डिजिटल माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने और वैज्ञानिक संवाद को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सौरव तोमर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आशीष द्विवेदी ने प्रस्तुत किया।