नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए लोगों को बधाई देते हुए सभी के जीवन में खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली का त्योहार पूरे देश में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। रोशनी का यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की जीत और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि सभी देशवासियों का आने वाला समय सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहे।
इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से संकेत दिया था कि इस बार भी वह सेना के जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाएंगे। उन्होंने कहा था कि सैनिकों के साथ त्योहार मनाने की परंपरा वह हर साल निभाते आए हैं और इस बार भी इसे जारी रखेंगे।
हालांकि, प्रधानमंत्री इस बार दीपावली मनाने के लिए किस सैन्य ठिकाने पर पहुंचेंगे, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।