राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के एक वांछित सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दक्षिण दिल्ली के एक इलाके से दबोचा गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर फरार चल रहा था और अपनी पहचान छिपाकर दिल्ली में रह रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि PLA का वांछित सदस्य दक्षिण दिल्ली में किसी ठिकाने पर छिपा हुआ है। इनपुट मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और आरोपी को पकड़ने के लिए रणनीति तैयार की। इसके बाद विशेष टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मणिपुर में कई गंभीर मामलों में था वांटेड
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मणिपुर के थौबल थाने में दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ से बाहर था। उसकी तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी बीच उसके दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
एक लाख रुपये का घोषित था इनाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह काफी समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान, दिल्ली में रहने के ठिकाने और यहां तक पहुंचने के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
दिल्ली में किस मकसद से छिपा था आरोपी? जांच में जुटी एजेंसियां
गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में मणिपुर पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी दिल्ली में कब से रह रहा था और उसे यहां किसने पनाह दी थी। इसके अलावा उसकी राजधानी में मौजूदगी के पीछे क्या मकसद था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि क्या आरोपी दिल्ली या आसपास के इलाकों में किसी आपराधिक या आतंकी गतिविधि की योजना बना रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। दिल्ली पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ से आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य संपर्कों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।