कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार तड़के एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में लगी आग की चपेट में आने से एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अपार्टमेंट के भूतल पर बनी पार्किंग में आग लगी. पार्किंग में कई दोपहिया वाहन खड़े थे. आग से उठने वाला घना धुआं देखते ही देखते पूरी पांच मंजिला इमारत में फैल गया. उस समय अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे. धुआं भरने के कारण ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई.
एक महिला और किशोर की मौत
इस अग्निकांड में 45 वर्षीय राखी साहू और 15 वर्षीय प्रांजल बाथम की मौत हो गई. दोनों को उपचार के लिए उर्सुला अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे में मीता बाथम और वैभव गुप्ता समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मीता की हालत गंभीर बताई जा रही है.
दमकल की चार गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिलते ही लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. अधिकारियों के मुताबिक, राहत एवं बचाव अभियान के दौरान करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. वहीं, कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
संकरी गली के कारण रेस्क्यू में आई परेशानी
राधिका अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली गली काफी संकरी है. ऐसे में दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि इमारत में बाहर निकलने का रास्ता भी सीमित था. इस वजह से अंदर फंसे लोगों को निकालने में दमकलकर्मियों को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपार्टमेंट की पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों में स्पार्किंग के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों ने इमारत की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच शुरू कर दी है.