लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन किया. दोनों नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान करते हुए इसे ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है. गुरुवार को रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित साझा रैली में ओवैसी ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा और चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने की बात कही.
रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि प्रदेश में बुलडोजर की कार्रवाई और एनकाउंटर से इंसाफ नहीं मिल सकता. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि अब उनके दिन भी ज्यादा नहीं बचे हैं. ओवैसी ने दावा किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश की राजनीति में नया विकल्प बनकर उभरेगा.
‘अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, कुर्सी पर बैठेगा’
ओवैसी ने अपने भाषण में मुस्लिम समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम समाज केवल वोट देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अपनी राजनीतिक ताकत और नेतृत्व भी तैयार करेगा. उन्होंने कहा, “अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि कुर्सी पर बैठेगा. वह केवल वोटर बनकर नहीं रहेगा, बल्कि अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगा.” ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की बात करते हुए कहा कि मोर्चा अपने वोट की ताकत से उन्हें सत्ता तक पहुंचाने का प्रयास करेगा. साथ ही उन्होंने योगी आदित्यनाथ की दोबारा मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं को रोकने का दावा भी किया.
RSS और संघ परिवार पर भी साधा निशाना
ओवैसी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और संघ परिवार पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है. अगर संविधान कमजोर होता है तो इसका सबसे ज्यादा असर मुस्लिम, दलित और समाज के वंचित वर्गों पर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि इन समुदायों की समस्याएं काफी हद तक समान हैं और इन्हें अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी.
‘स्वराज का मतलब किसी एक जाति का शासन नहीं’
रैली में ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की जातिगत राजनीति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि स्वराज और जनता के शासन का अर्थ किसी एक धर्म, जाति या परिवार का वर्चस्व स्थापित करना नहीं है. उन्होंने ठाकुर और यादव समाज का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में कभी एक जाति का राजनीतिक दबदबा देखने को मिलता है तो कभी दूसरी जाति का. उनके मुताबिक वास्तविक लोकतंत्र वही है, जहां हर वर्ग को बराबरी का अधिकार और सत्ता में उचित भागीदारी मिले.
ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का उद्देश्य इसी राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव लाना और वंचित तबकों को उनका अधिकार दिलाना है.
पीएम मोदी और सीएम योगी को लेकर भी दिया बयान
ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा. उन्होंने दोनों नेताओं पर देश और प्रदेश में नफरत का माहौल बढ़ाने का आरोप लगाया. अपने संबोधन में उन्होंने तंज कसते हुए दोनों को स्टैंड-अप कॉमेडियन तक कह दिया. उन्होंने दावा किया कि जनवरी-फरवरी में चुनाव आचार संहिता लागू होने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुट जाएगा.
403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
गौरतलब है कि असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है. दोनों दलों ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी जताई है. गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पेश किया जा रहा है.