बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी के बीच एक दुखद घटना सामने आई है. शादी समारोह के दौरान आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने पहुंचे एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान बेगूसराय निवासी अरविंद कुमार के रूप में हुई है. आशंका जताई जा रही है कि कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ और जाम के बीच अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी जान चली गई. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
घुड़दौड़ देखने पहुंचे थे अरविंद कुमार
जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां (लदमा) में 25 नवंबर को उनकी बेटी शिवांगी की शादी का आयोजन किया गया था. इस मौके पर कई भव्य कार्यक्रम रखे गए थे. इनमें घुड़दौड़ प्रतियोगिता सबसे बड़ा आकर्षण रही. इस प्रतियोगिता को देखने के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. इसी दौरान बेगूसराय के रहने वाले अरविंद कुमार की तबीयत बिगड़ गई. उन्हें आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घुड़दौड़ देखने के लिए कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी. आसपास की सड़कों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं. ऐसे में जाम और भीड़ के दबाव के कारण अरविंद की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उनकी मौत किस वजह से हुई. इस घटना ने शादी समारोह की खुशियों के बीच मातम का माहौल पैदा कर दिया है.
अनंत सिंह की बेटी की शादी में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह था. भीड़ इतनी अधिक पहुंच गई कि कई जगहों पर लोगों ने ऊंचाई से मुकाबला देखने की कोशिश की. आयोजन स्थल के आसपास लंबा ट्रैफिक जाम भी लग गया. भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला भी स्थगित करना पड़ा. अब इसे 26 नवंबर को आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आई है.
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी अपने भव्य आयोजन और बड़ी संख्या में पहुंचे मेहमानों को लेकर चर्चा में रही. लेकिन घुड़दौड़ देखने पहुंचे युवक की मौत ने आयोजन में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.