उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और अहम फैसलों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड महज सरकारी कामकाज का ब्योरा नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और उत्तराखंड को सशक्त, समृद्ध व आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प का दस्तावेज है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में साल 2014 से उत्तराखंड में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने अपने पिछले चुनावी घोषणापत्र में किए गए ज्यादातर वादे पूरे कर दिए हैं, जबकि बाकी वादों को पूरा करने के लिए काम जारी है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का गठन किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। धामी ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने हर चुनाव के बाद सरकार बदलने की परंपरा को तोड़कर भाजपा को लगातार दूसरी बार सत्ता में पहुंचाया।
36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
रिपोर्ट कार्ड में रोजगार और भर्ती प्रक्रिया को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में रहा है। उनके मुताबिक, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
धामी ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और नकल पर रोक लगाने के लिए लागू किए गए सख्त नकलरोधी कानून का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कानून में गंभीर मामलों के लिए आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने के लिए मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना के तहत करीब 11 हजार युवाओं को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
महिला सशक्तिकरण से लेकर स्वास्थ्य और सड़क विकास तक पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने रोजगार के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क निर्माण, डिजिटल कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया है। उनका कहना था कि विकास योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। धामी ने दावा किया कि सरकार ने राज्य में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार काम किया है।
कोविड के दौरान 200 करोड़ का राहत पैकेज
रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान किए गए राहत कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि साल 2021 में पर्यटन, परिवहन और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ रुपये का राहत पैकेज जारी किया गया था।
इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 205 करोड़ रुपये और स्वयं सहायता समूहों तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 118 करोड़ रुपये की सहायता दी गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महामारी के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया था, उनकी मदद के लिए मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना शुरू की गई।
पारदर्शी और जवाबदेह शासन का संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने अपना रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक कर पारदर्शी और जवाबदेह शासन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि विकास योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के हर व्यक्ति तक पहुंचे।धामी के मुताबिक, उत्तराखंड को मजबूत अर्थव्यवस्था वाला, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।