उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दौरान रोजगार, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर कई बड़े ऐलान किए। सपा ने बेरोजगार युवाओं को आर्थिक मदद देने, सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने और जातीय जनगणना कराने का वादा किया है।
घोषणापत्र जारी होने से पहले सपा नेता आजम खान ने मंच से सत्ताधारी दल पर कटाक्ष किया और अपनी पीड़ा भी जाहिर की। वहीं, अखिलेश यादव ने शिक्षा और भर्ती प्रक्रिया पर जोर देते हुए कहा, “शिक्षा अच्छी होगी तो परीक्षा सच्ची होगी।”
बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये देने का वादा
अखिलेश यादव ने युवाओं और रोजगार को लेकर कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही छह साल के भीतर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा जाएगा।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि सरकारी नौकरियों के अलावा दो से तीन करोड़ युवाओं के लिए दूसरे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर तैयार किए जाएंगे। पार्टी ने इन घोषणाओं के जरिए युवाओं को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखने का संकेत दिया है।
जातीय जनगणना और 5 रुपये में भोजन की थाली
समाजवादी पार्टी ने सामाजिक न्याय और आम लोगों को राहत देने से जुड़े वादे भी किए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में समाजवादी कैंटीन शुरू करने का ऐलान किया गया, जहां लोगों को पांच रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराने का वादा है। पार्टी ने बुजुर्ग महिलाओं की आर्थिक मदद के लिए सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की घोषणा भी की है।
माफिया और जमीन कब्जाने वालों पर कार्रवाई के लिए बनेगी STF
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में गुंडों और माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि किसी माफिया या प्रभावशाली व्यक्ति को किसी की जमीन पर अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए एक विशेष STF बनाने की बात कही गई है। अखिलेश ने कहा कि जमीन कब्जाने और दबंगई जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त व्यवस्था की जाएगी।
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भी बड़ा वादा
सपा प्रमुख ने अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर भी अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उनके खिलाफ होने वाले हेट क्राइम पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
यश भारती सम्मान को फिर शुरू करने का ऐलान
अखिलेश यादव ने यश भारती सम्मान को दोबारा शुरू करने का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि इस सम्मान को पहले से अधिक राशि के साथ शुरू किया जाएगा। सपा के मुताबिक, कलाकारों, अभिनेताओं, रंगकर्मियों, गायकों, चित्रकारों, खिलाड़ियों, शिल्पकारों और कारीगरों के साथ-साथ शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, इंजीनियरों, डॉक्टरों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों और पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करने के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी। पार्टी ने इन क्षेत्रों से जुड़े लोगों को सुविधाएं देने की बात भी कही है।
कांग्रेस के साथ सीटों पर बातचीत के बीच घोषणापत्र जारी
सपा का घोषणापत्र ऐसे समय जारी हुआ है, जब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का शुरुआती प्रस्ताव दिया था। दूसरी ओर, कांग्रेस ने कम से कम 50 ऐसी सीटों की मांग रखी है, जहां उसके जीतने की संभावना मजबूत हो। पार्टी की कुल मांग 120 सीटों की बताई जा रही है। ऐसे में घोषणापत्र जारी होने के साथ ही यूपी की सियासत में चुनावी वादों और गठ