रांची, 26 नवंबर 2026। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को विधानसभा में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया। विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने SIR और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR Amendment Act), 2026 पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इन दोनों मुद्दों के केंद्र में नागरिकों की लोकतांत्रिक भागीदारी और राज्यों की वित्तीय स्वतंत्रता का सवाल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द ‘हम, भारत के लोग’ लोकतंत्र में जनता को सर्वोच्च स्थान देते हैं। संविधान ने सत्ता का अंतिम स्रोत किसी सरकार, राजनीतिक दल या संस्था को नहीं, बल्कि देश के लोगों को माना है। उन्होंने कहा कि एक तरफ नागरिक का वोट उसे लोकतंत्र में आवाज देता है, तो दूसरी तरफ राज्यों का अपने लोगों के विकास के लिए संसाधन जुटाने का अधिकार लोकतंत्र को सामाजिक और आर्थिक अर्थ प्रदान करता है।
SIR पर बोले- एक भी पात्र नागरिक वोट के अधिकार से वंचित न हो
SIR की चर्चा करते हुए हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार मतदाता सूची के शुद्धीकरण के विरोध में नहीं है। मृत व्यक्तियों के नाम हटने चाहिए और दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त किया जाना चाहिए, लेकिन किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम दस्तावेजों की कमी, नाम की वर्तनी, उम्र की प्रविष्टि, तकनीकी गड़बड़ी या गलत आपत्ति के कारण मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियां दूसरे राज्यों से अलग हैं। यहां संथाली, मुंडारी, हो, कुड़ुख, खड़िया, नागपुरी और खोरठा जैसी भाषाएं बोली जाती हैं। कई बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाणपत्र नहीं हैं। विवाह के बाद महिलाओं के नाम और पते बदल जाते हैं, जबकि बड़ी संख्या में आदिवासी परिवार दूरस्थ ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डेटाबेस में विसंगति को नागरिक की अपात्रता नहीं माना जा सकता। किसी भी पात्र मतदाता का नाम हटाने से पहले स्पष्ट कारण, उचित नोटिस, सुनवाई और अपील का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने Form-7 के कथित दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की।उन्होंने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून की समीक्षा की आवश्यकता जताते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया में कार्यपालिका से इतर स्वतंत्र संस्थागत भागीदारी को मजबूत करने पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होनी चाहिए।
MMDR संशोधन से झारखंड को 2.56 लाख करोड़ रुपये के संभावित राजस्व का नुकसान
MMDR संशोधन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के लिए यह कानून गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि 49 और 50 का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यों को भूमि और खनिज अधिकारों पर कर लगाने की संवैधानिक शक्तियां प्राप्त हैं।
हेमंत सोरेन ने 25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस निर्णय से खनिज उत्पादक राज्यों को अपने संसाधनों के अनुरूप आर्थिक अधिकार मिलने की उम्मीद जगी थी। लेकिन MMDR अधिनियम में किए गए संशोधन से राज्यों की खनिज अधिकारों पर कर और उपकर लगाने की शक्तियां सीमित होने का सवाल खड़ा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने सदन में अपने आकलन का हवाला देते हुए कहा कि अगले दस वर्षों में झारखंड से लगभग 2,100 मिलियन टन यानी 210 करोड़ टन खनिजों के खनन का अनुमान है। यदि राज्य को खनिज अधिकारों पर कर और उपकर लगाने का अधिकार बना रहता, तो इस अवधि में करीब 2 लाख 56 हजार करोड़ रुपये का संभावित राजस्व प्राप्त हो सकता था।
उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी खजाने की राशि नहीं है, बल्कि झारखंड की आने वाली पीढ़ियों के विकास से जुड़ा सवाल है। इस राशि से स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सड़क, पेयजल, सिंचाई और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा सकता था।
खनन के लिए 2.03 लाख एकड़ जमीन, विस्थापन और पर्यावरणीय नुकसान का भी उठाया मुद्दा
मुख्यमंत्री ने खनन के कारण राज्य में हुए विस्थापन और पर्यावरणीय नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सदन को बताया कि कोयला कंपनियों के पास झारखंड में लगभग 42 हजार एकड़ वन भूमि, 95 हजार एकड़ रैयती भूमि और 66 हजार एकड़ सरकारी गैर-वन भूमि है। इस तरह कुल करीब 2.03 लाख एकड़ जमीन खनन गतिविधियों से जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि खनन के लिए स्थानीय लोगों ने अपनी जमीन दी, घर छोड़े और विस्थापन का दर्द झेला। इसके साथ ही पर्यावरणीय क्षति और सामाजिक चुनौतियों का सामना भी किया। ऐसे में खनिजों से मिलने वाले आर्थिक लाभ में राज्य और खनन प्रभावित समुदायों की न्यायपूर्ण हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
सोरेन ने कहा कि कोयला, लौह अयस्क और दूसरे खनिज सीमित प्राकृतिक संसाधन हैं। एक बार खनन होने के बाद इन्हें वापस नहीं लाया जा सकता। इसलिए इनसे प्राप्त होने वाली आय को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और आधारभूत संरचना के विकास में निवेश करना जरूरी है।
खनिज राजस्व 4,888 करोड़ से बढ़कर 18,844 करोड़ रुपये होने का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य के खनिज राजस्व के आंकड़े भी रखे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में झारखंड का खनिज राजस्व 4,888 करोड़ रुपये था, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 18,844 करोड़ रुपये हो गया।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में कोयले से मिलने वाला राजस्व 3,039 करोड़ से बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये, लौह अयस्क से 989 करोड़ से बढ़कर 5,100 करोड़ रुपये और बॉक्साइट से 110 करोड़ से बढ़कर 650 करोड़ रुपये हो गया। अन्य खनिजों से मिलने वाला राजस्व भी 685 करोड़ से बढ़कर 2,450 करोड़ रुपये हुआ।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस अवधि में खनिज उत्पादन में करीब 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि खनिज राजस्व में लगभग 286 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य की आय प्रभावित होने का सीधा असर जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है। उन्होंने अबुआ आवास, सर्वजन पेंशन, मंईयां सम्मान योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रवृत्ति, ग्रामीण विकास और सिंचाई जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधनों की जरूरत है।
उन्होंने केंद्र सरकार से MMDR संशोधन अधिनियम पर पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने का आग्रह किया। साथ ही खनिज उत्पादक राज्यों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केंद्र और राज्यों के बीच संवाद से न्यायसंगत व्यवस्था बनाने की मांग की।
भाजपा विधायकों के वॉकआउट के बीच पारित हुआ प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने सदन के सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘झारखंड भारत है। हमारी ताकत भारत की ताकत है। लेकिन संघवाद का अर्थ यह नहीं हो सकता कि संसाधन स्थानीय हों, नुकसान स्थानीय हो और लाभ लगातार दूर होते जाएं।’
मुख्यमंत्री द्वारा पेश MMDR संशोधन अधिनियम के खिलाफ राजकीय संकल्प को विधानसभा ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस दौरान भाजपा विधायकों ने विरोध करते हुए सदन से वॉकआउट किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान और झारखंड की जनता के अधिकारों के लिए है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा तभी होगी, जब गरीब का वोट सुरक्षित हो, राज्यों का सम्मान हो और जिस धरती से देश की संपदा निकलती है, वहां के लोगों तक विकास का लाभ भी पहुंचे।
अंत में उन्होंने कहा कि राज्य के आर्थिक अधिकारों की रक्षा किसी एक सरकार या राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि करीब चार करोड़ झारखंडवासियों के वर्तमान और भविष्य से जुड़ा सवाल है।