नई दिल्ली: देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. पश्चिम बंगाल में कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए गए हैं. खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में यह गड़बड़ी सामने आने के बाद कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी गई है. खास बात यह है कि पानी के नमूने में बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं ने की है.
जलपाईगुड़ी के प्लांट से लिया गया था सैंपल
जानकारी के मुताबिक, पानी का नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिया गया था. प्राथमिक प्रयोगशाला में जांच के दौरान पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी मिली. इसके बाद नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी में भी जांच के लिए भेजा गया. वहां भी बैक्टीरिया पाए जाने की पुष्टि हुई.
कोलीफॉर्म बैक्टीरिया आमतौर पर पानी में सीवेज के रिसाव, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन या दूषित जल स्रोतों के जरिए पहुंच सकते हैं. पानी में इनकी मौजूदगी को गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर चिंता के तौर पर देखा जाता है.
एक बैच की बिक्री पर पहले ही लग चुकी है रोक
इस मामले में FSSAI ने बिसलेरी के एक खास बैच पर भी कार्रवाई की थी. सूत्रों के मुताबिक, बैच नंबर PB 201 की बिक्री पर 12 अगस्त 2026 को रोक लगा दी गई थी. अब जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है.
गोवा प्लांट के मामले में भी हुई थी कार्रवाई
बिसलेरी के लिए यह परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि हाल ही में गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने को लेकर भी FSSAI ने कार्रवाई की थी. वहां शुरुआती जांच में पानी में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा पाई गई थी. कंपनी की अपील के बाद नमूने की दोबारा जांच कराई गई, जिसमें पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई. इसके बाद नियामक ने उस मामले में भी अभियोजन की मंजूरी दी.
पैकेज्ड वाटर कंपनियों पर बढ़ी निगरानी
लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर बनाने वाली कंपनियों की निगरानी तेज कर दी है. देश के अलग-अलग हिस्सों में नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है.
फिलहाल पश्चिम बंगाल के मामले में बिसलेरी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी. वहीं, कंपनी ने गोवा मामले के संदर्भ में अपने उत्पादों को सुरक्षित बताया था और नियामक के साथ सहयोग करने की बात कही थी.