हरियाणा के रोहतक में नेशनल हाईवे-9 के पास मिलन ढाबे पर हुए सनसनीखेज गोलीकांड की जांच में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। इस वारदात में चार युवकों की जान चली गई। पुलिस ने हमले में शामिल चारों शूटरों की पहचान कर ली है। शुरुआती जांच में उनका संबंध हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़ने की बात सामने आई है। वहीं, जांच एजेंसियों को शक है कि इस हमले का असली निशाना गैंगस्टर सनी रिटोलिया था, जो हमले के दौरान मौके पर मौजूद होने के बावजूद बच निकला।
इस मामले में अब जान्हवी नाम की एक युवती का नाम भी सामने आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, युवती ने कथित तौर पर सनी रिटोलिया को कॉफी पीने के बहाने होटल बुलाया था। आरोप है कि सनी के वहां पहुंचने के बाद ही हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। हालांकि, इस कथित हनीट्रैप की भूमिका और युवती की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कॉफी के बहाने होटल बुलाया, फिर शुरू हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, वारदात के समय सनी रिटोलिया अपने साथियों के साथ मिलन ढाबे पर मौजूद था। इसी दौरान हथियारों से लैस चार हमलावर होटल में दाखिल हुए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सामने आए सीसीटीवी विजुअल में कुछ युवक हाथों में पिस्टल लेकर होटल के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक हमलावर ने अपना चेहरा काले कपड़े से ढक रखा था।
हमलावरों ने इतनी ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात में 100 से अधिक राउंड फायर किए गए। गोलीबारी में चार युवकों की मौत हो गई। इनमें सनी रिटोलिया गैंग से जुड़े तीन सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की भूमिका की जांच कर रही है।
विदेश में बैठकर रची गई हत्या की साजिश?
जांच में इस वारदात के विदेशी कनेक्शन की आशंका भी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, सनी रिटोलिया को निशाना बनाने की साजिश विदेश में बैठकर तैयार की गई थी। हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य रवि राठी इस समय जॉर्जिया में मौजूद बताया जा रहा है। दावा है कि विदेश से ही वह गैंग की गतिविधियों को संभाल रहा है।
बताया जा रहा है कि अमेरिका में हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी के बाद गैंग के संचालन की जिम्मेदारी कथित तौर पर रवि राठी के हाथों में आ गई है। सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ पोस्ट में भी रवि राठी का नाम चर्चा में आया है। वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गंगनौली गांव का रहने वाला बताया जाता है। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क और विदेशी साजिश की पुष्टि के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। हरियाणा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।
सात साल पुरानी दोस्ती कैसे बनी खूनी दुश्मनी?
रोहतक गोलीकांड के पीछे सनी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ के बीच पुरानी रंजिश को अहम वजह माना जा रहा है। दोनों के बीच विवाद की शुरुआत करीब सात साल पहले हुई थी। बताया जाता है कि 2019 में बस संचालन में इस्तेमाल होने वाली कार की किस्तों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
शुरुआत में यह मामला आपसी कहासुनी और पंचायत तक पहुंचा, लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। धीरे-धीरे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हिमांशु भाऊ ने सनी रिटोलिया पर गोली चलाई थी। इस हमले में सनी घायल हुआ, लेकिन उसकी जान बच गई।
उस समय हिमांशु भाऊ नाबालिग था। गोलीकांड के बाद उसे हिसार के सुधार गृह भेजा गया था। इसी घटना के बाद दोनों के बीच दोस्ती खत्म हो गई और दुश्मनी लगातार गहराती चली गई। आगे चलकर दोनों पक्षों ने अपने-अपने गैंग मजबूत किए और कई आपराधिक वारदातों में एक-दूसरे के खिलाफ नाम सामने आने लगे।
कौन है सनी रिटोलिया?
सनी रिटोलिया हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव का रहने वाला बताया जाता है। उसका नाम अंकित उर्फ बाबा गैंग से जुड़ा रहा है। अंकित उर्फ बाबा को सनी का भाई बताया जाता है। दोनों का नाम मार्च 2022 में रोहतक के रिटौली गांव में हुए डबल मर्डर केस में भी सामने आया था। इस मामले में हरियाणा एसटीएफ ने दोनों को गिरफ्तार किया था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सनी रिटोलिया के खिलाफ 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम कई आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा बताया गया है।
पुलिस के सामने अब ये बड़े सवाल
मिलन ढाबे पर हुए इस हत्याकांड की जांच में पुलिस कई अहम पहलुओं पर काम कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले की पूरी योजना किसने तैयार की, चारों शूटरों को किसने निर्देश दिए और कथित तौर पर जान्हवी की इस वारदात में क्या भूमिका थी।इसके अलावा विदेश में बैठे गैंग के सदस्यों की भूमिका, सोशल मीडिया के जरिए दी गई धमकियों और सात साल पुरानी गैंगवार के कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल चार युवकों की हत्या के इस मामले में जांच जारी है और पुलिस की नजर हमले के पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने पर है।