दरअसल, परिसीमन को लेकर विपक्षी दलों की एकजुटता बढ़ाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री चेन्नई जा रहे हैं. विपक्षी नेताओं का उद्देश्य एमके स्टालिन से मुलाकात कर परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों के खिलाफ समर्थन जुटाना है.
स्टालिन से मुलाकात के लिए चेन्नई जा रहे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता उनके साथ डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे स्टालिन और डीएमके से परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करने का अनुरोध करेंगे. राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आशंका जताई कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 किए जाने से देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर गंभीर असर पड़ सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस बदलाव से बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक फायदे के मुताबिक देश का चुनावी नक्शा बदलने का अवसर मिल सकता है.
राहुल ने स्टालिन को बताया तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ चट्टान
कांग्रेस नेता ने एमके स्टालिन को अपना भाई बताते हुए कहा कि वह हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं. राहुल गांधी ने राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा का हवाला देते हुए सभी विपक्षी दलों से एकजुट होकर इस विधेयक को हराने की अपील की.
स्टालिन ने दिया जवाब, संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा पर जोर
राहुल गांधी की अपील पर एमके स्टालिन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने तमिलनाडु के हितों को सर्वोपरि बताते हुए स्पष्ट किया कि इस मामले में उनकी पार्टी किसी तरह का समझौता नहीं करेगी. स्टालिन ने राहुल गांधी को भाई कहकर संबोधित किया और संविधान तथा राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए उनका आभार जताया. उनके इस बयान से साफ है कि परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके अपने रुख पर कायम है और विपक्षी दलों के साथ मिलकर केंद्र सरकार के प्रस्ताव का विरोध करने की तैयारी में है.