टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को एक बार फिर पांच साल के कार्यकाल के लिए चेयरमैन नियुक्त किया गया है। गुरुवार को हुई टाटा संस की बोर्ड बैठक में उनकी पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड में नोएल टाटा को छोड़कर सभी निदेशकों ने चंद्रशेखरन के नाम का समर्थन किया। एन. चंद्रशेखरन ने 2017 में टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला था। उनका मौजूदा पांच साल का दूसरा कार्यकाल फरवरी 2027 में समाप्त होने वाला था। अब नए कार्यकाल के साथ वह अगले पांच वर्षों तक टाटा समूह की कमान संभालेंगे। उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल, एविएशन, स्टील, कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और फाइनेंशियल सर्विसेज समेत कई क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी का विस्तार किया है।
टाटा संस की लिस्टिंग पर अभी फैसला नहीं
बोर्ड बैठक में टाटा संस की संभावित लिस्टिंग का मुद्दा भी चर्चा में रहा। भारतीय रिजर्व बैंक की वैधानिक लिस्टिंग आवश्यकता से छूट की मांग वाली याचिका खारिज होने के बाद इस मुद्दे पर नियामकीय दबाव बढ़ा है। सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड ने फिलहाल लिस्टिंग को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। इसके बजाय टाटा संस को आरबीआई के नियमों के अनुरूप लाने के लिए विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की गई। बोर्ड ने सभी संभावित विकल्पों पर विचार करने की बात कही है। टाटा संस ने पहले लिस्टिंग की अनिवार्यता से छूट की मांग की थी। कंपनी की सार्वजनिक लिस्टिंग होने पर टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी के लिए नियामकीय जांच और प्रकटीकरण संबंधी जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। फिलहाल टाटा संस के बोर्ड ने चेयरमैन पद को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है, लेकिन कंपनी की लिस्टिंग का मुद्दा अभी भी लंबित है।