नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं आज से देशभर में शुरू हो गई हैं। इस वर्ष करीब 43 लाख विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। बोर्ड ने परीक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्र लीक या भ्रामक खबरों जैसी अफवाहों से बचें। किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अपडेट के लिए अपने स्कूल, सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट और क्षेत्रीय कार्यालयों से ही संपर्क करें।
समय से पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र
परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे निर्धारित किया गया है। सभी विद्यार्थियों को 10:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। इसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रैफिक या अन्य संभावित बाधाओं को ध्यान में रखते हुए छात्रों को घर से समय पर निकलने की सलाह दी गई है।
ड्रेस कोड और जरूरी दस्तावेज
रेगुलर छात्र-छात्राओं को स्कूल यूनिफॉर्म में ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। एडमिट कार्ड के साथ स्कूल आईडी कार्ड ले जाना अनिवार्य है। वहीं, प्राइवेट उम्मीदवारों को हल्के रंग के कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। बड़े बटन या धातु से जुड़े एक्सेसरी वाले कपड़े पहनने से बचने को कहा गया है।
कब तक चलेंगी परीक्षाएं?
10वीं कक्षा की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 10 अप्रैल को समाप्त होंगी। बोर्ड ने दोहराया है कि सभी परीक्षाएं तय आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे शांत मन से परीक्षा दें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें।