नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाएंगे। पंजाब के दिग्गज नेता अमरिंदर सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आज नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी भाजपा में विलय करेंगे। उनकी पार्टी के कई नेता भी भाजपा का दामन थामेंगे।
गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पिछले साल कांग्रेस छोड़ दी थी और पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया था। हाल ही में रीढ़ की हड्डी की सर्जरी कराकर लंदन से लौटे अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
बेटा और बेटी भी जॉइन करेंगे भाजपा
जानकारी के मुताबिक अमरिंदर सिंह रविवार को ही दिल्ली पहुंच गए। उनके साथ बेटा रण इंदर सिंह, बेटी जय इंदर कौर, मुक्तसर की पूर्व विधायक करण कौर और भदौड़ से पूर्व विधायक निर्मल सिंह भी भाजपा जॉइन करेंगे। इससे पूर्व कैप्टन के कई साथी भाजपा जॉइन कर चुके हैं।
पटियाला के शाही परिवार से ताल्लुक
12 सितंबर को अमित शाह के साथ मुलाकात के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा था कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, पंजाब में मादक पदार्थ-आतंकवाद के बढ़ते मामलों और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य की रूपरेखा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बहुत सार्थक चर्चा की। पंजाब के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके सिंह पूर्ववर्ती पटियाला शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं।
बता दें कि पंजाब लोक कांग्रेस ने भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवाई वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि उनका एक भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया था और अमरिंदर सिंह को खुद अपने गढ़ पटियाला शहरी सीट पर शिकस्त मिली थी।