वाराणसी। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए धर्म नगरी वाराणसी से बुरी खबर आ रही है। यहां के सारनाथ थाना क्षेत्र के बुद्धा सिटी कालोनी स्थित होटल सुमेन्द्र रेसीडेंसी में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
एक्ट्रेस मूलरूप से भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर की रहने वाली थीं। एक्ट्रेस का पूरा परिवार मुंबई में रहता है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों के दे दी है। एक्ट्रेस का जन्म 1996 में उप्र के भदोही जिले में हुआ था। एक्ट्रेस ने अपने करियर की शुरुआत टिकटाक और इंस्टाग्राम के शार्ट्स वीडियो से किया था।
जन्मदिन समारोह में होने गयी थी शामिल
एक्ट्रेस 25 मार्च को रात 8 बजकर 30 मिनट पर होटल से बाहर एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गयी थी। देर रात करीब 1 बजकर 55 मिनट पर वह वापस होटल लौटी। इसके बाद उन्होंने अपने केयर टेकर रेखा मौर्या से अपने कमरे की चाबी मांगी। चाबी लेकर वह अपने कमरे में चली गई।
फंदे से लटका मिला शव
रेखा होटल के कमरा नंबर 104 में रुकी है जबकि भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे कमरा नंबर 105 में रुकी थी। रेखा के मुताबिक, सुबह देर तक न उठने पर उन्होंने होटल कर्मियों को इसकी जानकारी दी। उसके बाद होटल कर्मी हरकत में आए। पुलिस को सूचना दी गयी।
पुलिस ने रूम की दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो शव फंदे पर लटका था। सूचना पर फॉरेंसिक विभाग की टीम भी पहुंच चुकी है और मोबाइल, बैग और अन्य चीजों के जरिए साक्ष्य एकत्र कर रही है।
भोजपुरी की हिट एक्ट्रेस
आकांक्षा दुबे को भोजपुरी सिनेमा की क्वीन भी कहा जाता है। अपने करियर में उन्होंने कई हिट फिल्में दी हैं और लगभग सभी भोजपुरी सुपरस्टार्स संग स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं। वह इंडस्ट्री की ग्लैमरस एक्ट्रेसेज में भी शुमार हैं।