बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्म इंडस्ट्री की संस्था फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के बीच चल रहा विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने रणवीर सिंह का खुलकर समर्थन किया है।अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में कंगना रनौत से जब रणवीर सिंह के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि सफलता के साथ विरोधियों की संख्या भी बढ़ती है।
‘सफलता के साथ बढ़ते हैं विरोधी’
कंगना ने कहा, “जब आपकी हैसियत बढ़ती है तो आपके दुश्मन भी बढ़ते हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि आपका कद बढ़े और विरोधी न बढ़ें। रणवीर सिंह को यह समझना चाहिए कि उनकी लोकप्रियता और हैसियत का ही परिणाम है कि इतने लोग उनके खिलाफ खड़े दिखाई दे रहे हैं। यह भी एक तरह से अच्छी बात है। उन्होंने आगे कहा कि जीवन में आगे बढ़ने वाले लोगों को कई तरह की चुनौतियों और रुकावटों का सामना करना पड़ता है। उनके अनुसार, सफलता का रास्ता हमेशा आसान नहीं होता और संघर्ष हर व्यक्ति के जीवन का हिस्सा है।
‘मेरे साथ भी ऐसा हुआ है’
कंगना रनौत ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने भी अपने करियर में कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। उन्होंने कहा, “मेरे साथ भी कई बार ऐसा हुआ है, लेकिन समय के साथ परिस्थितियां बदलती हैं। आज मैं अच्छा कर रही हूं और मेरी जिंदगी सही दिशा में आगे बढ़ रही है। इसलिए ऐसी चुनौतियों से घबराने की जरूरत नहीं होती, अंत में सब ठीक हो जाता है।”
क्या है पूरा विवाद?
विवाद की शुरुआत उस खबर के बाद हुई जिसमें दावा किया गया कि रणवीर सिंह ने फिल्म ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म निर्माता फरहान अख्तर और प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट का आरोप है कि शूटिंग शुरू होने से कुछ सप्ताह पहले अभिनेता ने प्रोजेक्ट से दूरी बना ली, जिससे तैयारियों पर खर्च की गई बड़ी राशि प्रभावित हुई। खबरों के अनुसार, फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया पर पहले ही करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके थे और इससे निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
एफडब्ल्यूआईसीई ने जारी किया नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव
मामला बाद में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) तक पहुंचा, जिसके बाद संस्था ने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग निर्देश (नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव) जारी किया। इसके तहत फिल्म उद्योग से जुड़े कर्मचारियों और तकनीशियनों से अभिनेता के साथ काम नहीं करने की अपील की गई है। हालांकि, यह कोई कानूनी प्रतिबंध नहीं है, लेकिन इससे भविष्य में किसी फिल्म की शूटिंग के दौरान तकनीकी स्टाफ और अन्य संसाधनों की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इस पूरे विवाद पर अब तक रणवीर सिंह की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।