मुंबई। अभिनेता व क्रिटिक केआरके (कमाल आर खान) सोशल मीडिया पर अक्सर अपने ट्वीट्स को लेकर खबरों में रहते हैं। KRK को ट्वीट्स के लिए कभी वाहवाही मिलती है तो कभी उन्हें खूब ट्रोल किया जाता है। KRK अक्सर सेलेब्स और बॉलीवुड पर तंज कसते नजर आते हैं।
इस बीच केआरके ने बिना नाम लिए सलमान खान, गॉडफादर का कलेक्शन और उनकी अपकमिंग फिल्म किसी का भाई किसी की जान पर तंज कसा है। केआरके का ट्वीट चर्चा में आ गया है।
क्या है KRK का ट्वीट
केआरके ने अपने ट्वीट में लिखा, “बीते दिन बुधवार को चिरंजीवी की फिल्म गॉडफादर रिलीज हुई और फिल्म के हिंदी वर्जन ने 50 लाख रुपये की कमाई की। तो दर्शकों ने सीधे तौर पर इस बात का इशारा कर दिया है कि वो आने वाली फिल्म ‘किसी का हाथ, किसी की टांग’ के साथ क्या करने वाले हैं।” केआरके का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर रिएक्ट कर रहे हैं।
सलमान पर कसा तंज
याद दिला दें कि केआरके का सलमान खान से पुराना पंगा है और इससे जुड़ा एक मामला कोर्ट तक भी पहुंच चुका है। हालांकि इसके बाद भी केआरके अलग अलग तरह से सलमान खान के खिलाफ बिना नाम लिए ट्वीट करते हैं।
इस ट्वीट में भी केआरके ने गॉडफादर और ‘किसी का हाथ, किसी की टांग’ से सलमान खान पर ही निशाना साधा है। इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स के मिक्स रिएक्शन आ रहे हैं। कुछ लोग जहां KRK को ट्रोल कर रहे हैं तो कुछ उनके सपोर्ट में ट्वीट कर रहे हैं।
जेल के बाद ट्विटर पर कम एक्टिव हैं KRK
याद दिला दें कि कुछ वक्त पहले KRK को जेल हुई थी और उसके बाद से ही वो ट्विटर पर कम एक्टिव रहते हैं। गौरतलब है कि केआरके ने 2020 में ऋषि कपूर, इरफान खान और अक्षय कुमार पर विवादित ट्वीट किया था। इस मामले में उन्हें एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
इसके अलावा 2019 में एक केस में भी उनकी गिरफ्तारी हुई थी। KRK की फिटनेस ट्रेनर ने उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। फिलहाल दोनों ही मामलों में उन्हें जमानत मिल गई थी।