रणवीर सिंह इन दिनों लगातार विवादों और चर्चाओं में बने हुए हैं। ‘डॉन 3’ और ‘कांतारा’ विवाद के बीच रणवीर हाल ही में आध्यात्मिक गुरु सध्गुरु जग्गी वासुदेव से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात का वीडियो खुद सद्गुरु ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रणवीर सिंह सद्गुरु से जिंदगी से जुड़ा बड़ा सवाल पूछते नजर आए। रणवीर ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से पूछा था कि उन्हें सद्गुरु से क्या सवाल करना चाहिए। इसके जवाब में ज्यादातर लोगों ने एक ही सवाल पूछा- “जीवन का उद्देश्य क्या है?”
रणवीर ने वीडियो में कहा, “कल मैंने ट्वीट किया कि मैं सद्गुरु जी से मिलने जा रहा हूं। लोगों से पूछा कि क्या सवाल करूं, तो 80 प्रतिशत लोगों ने लिखा- जीवन का उद्देश्य क्या है? इस सवाल पर सद्गुरु ने कहा, “जब आप पूछते हैं कि जीवन का उद्देश्य क्या है, तो असल में आप पूछ रहे हैं कि जीवन का उपयोग क्या है। जीवन का कोई उद्देश्य नहीं है। जीवन आपकी समझ और बुद्धि से कहीं बड़ा है। आप नहीं भी होते, तब भी जीवन होता।
उन्होंने आगे कहा, “जीवन किसी तार्किक गणना से परे एक घटना है। हर चीज का उद्देश्य या उपयोग खोजने की जरूरत नहीं है। सद्गुरु का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इसे ‘माइंड ओपनिंग’ बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने कहा कि लगातार विवादों के बाद रणवीर अब आध्यात्मिक रास्ते की ओर बढ़ रहे हैं। वीडियो में रणवीर हमेशा की तरह काफी एनर्जेटिक और खुश नजर आए।
इधर, रणवीर सिंह का नाम हाल ही में ‘डॉन 3’ विवाद को लेकर भी चर्चा में रहा। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उन्होंने शूटिंग शुरू होने से पहले फिल्म छोड़ दी, जिससे मेकर्स को बड़ा नुकसान हुआ। हालांकि रणवीर की टीम ने बयान जारी कर कहा कि वह फिल्म इंडस्ट्री और ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी का सम्मान करते हैं और पूरे मामले पर गरिमा बनाए रखते हुए चुप्पी साधे हुए हैं।
इससे पहले रणवीर ‘कांतारा’ फिल्म के ‘दैव’ नृत्य की मिमिक्री को लेकर भी विवादों में घिर गए थे। एक अवॉर्ड शो के दौरान उन्होंने दैव नृत्य की नकल करते हुए उसे “फीमेल घोस्ट” कह दिया था, जिसके बाद उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लगे। बाद में कर्नाटक हाई कोर्ट के निर्देश के बाद रणवीर ने मैसूरु के श्री चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचकर माफी मांगी।