मुंबई। मुंबई के लीलावती अस्पताल में पिछले एक महीने से भर्ती दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी हालत अब स्थिर है और उन्हें मंगलवार, 17 मार्च को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि सलीम खान को 17 फरवरी को ब्रेन हैमरेज की शिकायत के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर जलील पारकर की निगरानी में उनका इलाज चला। शुरुआती जानकारी के अनुसार उन्हें माइनर ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसके बाद एक छोटा प्रोसीजर भी किया गया था। उम्र को देखते हुए उनकी रिकवरी धीमी रही, लेकिन अब उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान सलीम खान वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रहे, हालांकि बाद में उनकी हालत बेहतर होने लगी। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी।
परिवार और बॉलीवुड का साथ
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनका परिवार और करीबी दोस्त लगातार उनके साथ खड़े नजर आए। उनके बेटे सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान नियमित रूप से अस्पताल पहुंचते रहे।
वहीं, बॉलीवुड के बड़े सितारे शाहरुख खान और आमिर खान भी उनका हालचाल लेने पहुंचे। उनके पुराने साथी जावेद अख्तर ने भी अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की। फिलहाल, फैंस और परिवार के लिए राहत की बात यह है कि सलीम खान की सेहत में सुधार हो रहा है और जल्द ही वे घर लौट सकते हैं।