मुंबई। महाभारत सीरियल में ‘शकुनी मामा’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता गूफी पेंटल का निधन हो गया। 78 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। गूफी पेंटल लम्बे समय से बीमार थे व अस्पताल में भर्ती थे।
बीआर चोपड़ा के ऐतिहासिक शो ‘महाभारत’ को दर्शकों का खूब प्यार मिला था। इस शो के हर किरदार ने फैंस के दिल में अपनी बेहद अहम जगह बनाई थी। इन कलाकारों में गूफी पेंटल का नाम भी शामिल है। गूफी पेंटल ने शो में शकुनि मामा का किरदार निभाया था।
पिछले काफी समय से उनकी सेहत खराब चल रही थी। अब गूफी पेंटल के भतीजे हितेन ने एक मीडिया संस्थान को जानकारी देते हुए बताया कि उम्र संबंधी कई बीमारियों जूझ रहे गूफी पेंटल का हृदय गति रुक जाने से हुआ निधन हुआ है। अब यह खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है और फैंस समेत सिनेमा जगत के कई सितारे अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
बता दें कि गूफी पेंटल का अंतिम संस्कार शाम को चार बजे किया जाएगा। उम्मीद है कि सिनेमा जगत के कई दिग्गज और बड़े सितारे उनकी इस अंतिम यात्रा में शामिल होंगे। गूफी के जाने से सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
गूफी के करियर की बात करें तो एक्टर 1980 के दशक में हिंदी फिल्मों के अलावा कुछ टीवी धारावाहिकों में नजर आए थे। बता दें कि एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले वो इंजीनियर थे। गूफी को पहचान बीआर चोपड़ा के सीरियल महाभारत से मिली।