मुंबई। बॉलीवुड के मि. पर्फेक्ट्निस्ट कहे जाने वाले आमिर खान अपनी मच अवेटेड फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की ओपनिंग को भूलना चाहेंगे क्योंकि ये उनकी 13 सालों में सबसे धीमी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है।
आमिर खान की पूरे चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी से फिल्म जगत ने उम्मीद लगाई थी कि डायरेक्टर अद्वैत चंदन की ये फिल्म ओपनिंग डे से ही बॉक्स ऑफिस पर स्पीड पकड़ लेगी पर ऐसा हुआ नहीं। यहां तक कि इसका पहले दिन का कलेक्शन अक्षय कुमार की फ्लॉप फिल्म ‘बच्चन पांडे’ से भी कम रहा है। ये खबर आमिर खान के लिए बुरे सपने की तरह इसलिए भी होगी क्योंकि वह फिल्म के प्रोड्यूसर भी खुद ही हैं।
देशभर में 3500 सिनेमा स्क्रीन पर रिलीज हुई लाल सिंह चड्ढा ने पहले दिन उम्मीद के मुताबिक कम कमाई की है। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक लाल सिंह चड्ढा ने पहले दिन 10.75 करोड़ रुपये। लाल सिंह चड्ढा की एडवांस बुकिंग भी स्लो ओपनिंग की कहानी कह रही थी। ट्रेंड एनालिस्ट्स ने भी पहले ही कम ओपनिंग की भविष्यवाणी कर दी थी। फिल्म ने महानगरों में तो थोड़ा ठीक परफॉर्म किया है पर छोटे शहरों में तो इसका कलेक्शन काफी कम रहा है।
हालांकि गुरुवार को रिलीज हुई इस फिल्म के लिए आने वाला वीकेंड लंबा है और सोमवार को 15 अगस्त के कारण आशा की जा सकती है कि लाल सिंह चड्ढा रफ्तार पकड़ लेगी। इस साल मार्च में रिलीज हुई अक्षय कुमार की बच्चन पांडे ने भी पहले दिन 13.25 करोड़ की कमाई की थी। कबीर खान की 83 ने भी 12.64 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि लाल सिंह चड्ढा का प्रदर्शन कितना फीका रहा है।