नई दिल्ली। आलिया भट्ट और रणवीर सिंह स्टारर फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (RRKPK) का इस समय काफी बज है। फिल्म के पोस्टर से लेकर ट्रेलर तक ने फैंस की एक्साइटमेंट को बनाकर रखा है। मल्टी स्टारर इस फिल्म में आलिया-रणवीर के अलावा जया बच्चन, धर्मेंद्र और शबाना आजमी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
इस फिल्म से कई सालों के बाद करन जौहर ने डायरेक्शन में वापसी की है। फिल्म की रिलीज को 2 दिन बाकी है और बीते सोमवार को फिल्म की एडवांस बुकिंग ओपन हो चुकी है।
दो दिन में RRKPK की बिकी इतनी टिकट
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की एडवांस बुकिंग सोमवार को शुरू हुई थी। रिपोर्ट्स की मानें तो पहले दिन सोमवार को नेशनल चेन में फिल्म की लगभग 13 हजार टिकट बिकी थी, तो वहीं मंगलवार को फिल्म की प्री-बुकिंग सेल में बढ़ोतरी देखने को मिली।
दूसरे दिन पीवीआर, सिनेपोलिस और आईनोक्स तीनों नेशनल चेन में फिल्म की लगभग 16,800 टिकट बिकी। दो दिन में फिल्म की अब तक 29, 800 टिकट बिकी है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दो दिन बुधवार और गुरुवार को फिल्म की लगभग 80 से 90 हजार तक टिकट बिक सकती है।
ओपनिंग डे पर फिल्म कमा सकती है इतने करोड़
रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के ट्रेलर से लेकर गानों तक पर अब तक सोशल मीडिया पर अच्छा रिस्पांस रहा है। आलिया भट्ट भी लगभग साल भर बाद ही फिल्मी पर्दे पर लौट रही हैं। करण जौहर की रोमांटिक फिल्मों के इतिहास को देखकर ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ अपने पहले दिन पर करीब 15 करोड़ से ओपनिंग कर सकती है। फिल्म 28 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।