टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके अचानक दुनिया से चले जाने की खबर से प्रशंसकों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों में शोक है. अभिनेता के करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनर ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की जानकारी साझा की है. रूपेश के मुताबिक, अनुज का निधन नींद के दौरान दौरा पड़ने से हुआ.
दोस्त ने सोशल मीडिया पर जताया दुख
रूपेश सोनर ने इंस्टाग्राम पर अनुज को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा. उन्होंने बताया कि अनुज उनके लिए सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि भाई जैसे थे. दोनों ने साथ में कई प्रोजेक्ट्स पर काम करने की योजना बनाई थी. रूपेश ने उनके अचानक चले जाने पर दुख जताते हुए कहा कि इस खबर पर यकीन करना उनके लिए बेहद मुश्किल है.
2008 से थी दोनों की दोस्ती
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूपेश सोनर ने बताया कि वह अनुज को साल 2008 से जानते थे. निधन से करीब 10 दिन पहले ही दोनों की मुलाकात भी हुई थी. उन्होंने बताया कि अनुज का स्वभाव पहले जैसा ही था और वह नियमित रूप से सुबह उठकर जॉगिंग के लिए जाते थे.
रूपेश के अनुसार, घटना वाले दिन अनुज का अलार्म बजा, लेकिन वह नहीं उठे. इसके बाद उनकी मां कमरे में पहुंचीं, जहां उन्हें अनुज मृत अवस्था में मिले. रूपेश को एक साझा दोस्त के जरिए उनके निधन की खबर मिली थी.
कई टीवी सीरियल्स में किया था काम
अनुज ठाकुर ने टीवी शो ‘बंधन सात जन्मों का’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था. इसके बाद वह ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ और ‘महिसागर’ जैसे धारावाहिकों में नजर आए. कम उम्र में अभिनेता के निधन की खबर से उनके प्रशंसक दुखी हैं. सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं.