मुंबई। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत और एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला के बीच सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ता जा रहा है। पंत ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाकर उर्वशी का नाम लिए बिना उनका पीछा छोड़ने की अपील की थी। अब उर्वशी ने भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया है। इसमें भी उन्होंने पंत का नाम लिए बिना उनको जवाब दिया है।
उर्वशी ने पोस्ट किया- छोटू भैया को सिर्फ बैट-बॉल खेलना चाहिए। मैं कोई मुन्नी नहीं हूं जो बदनाम हो जाऊंगी, वह भी किड्डो डार्लिंग (छोटा बच्चा) तेरे लिए। रक्षाबंधन मुबारक हो। RP छोटू भैया। किसी शांत लड़की का फायदा नहीं उठाना चाहिए।
दरअसल, गुरुवार को पंत और उर्वशी के मामले ने तूल पकड़ा था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उर्वशी किसी इंटरव्यू में बैठी थीं। इंटरव्यू में उर्वशी ने किसी ‘मिस्टर RP (आरपी)’ के नाम का जिक्र किया था और उसके साथ उनका रिलेशिनशिप टूटने की पूरी कहानी बताई है।
उर्वशी ने इंटरव्यू में क्या कहा था?
एक मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में उर्वशी ने एक कहानी बताई। उन्होंने कहा- मैं एक बार वाराणसी से दिल्ली शूटिंग के लिए आई थी, तब ‘मिस्टर RP’ मिलने के लिए आए थे। वह लॉबी में इंतजार कर रहे थे, लेकिन मैं सो गई थी। वाराणसी में दिन भर शूट करने के बाद दिल्ली में रात में मुझे शूट करना था। मैं मेकअप वगैरह में लगी हुई थी।
इसके बाद शूट के बाद मैं सो गई। इसमें 10 घंटे बीत गए। मिस्टर RP मुझे कॉल करते रहे। इसका पता मुझे बाद में चला। मेरे फोन में 17 मिस्ड कॉल थीं। मैंने उनसे कहा भी कि जब आप मुंबई आओगे, तो मिल लेंगे। फिर हम मुंबई में मिले भी, लेकिन तब तक मीडिया में चीजें आ चुकी थीं। हालांकि, इसके बाद सबकुछ बिगड़ चुका था।
दावा किया गया था कि मिस्टर RP और कोई नहीं बल्कि ऋषभ पंत ही हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर पंत की इंस्टाग्राम स्टोरी का एक स्क्रीनशॉट वायरल हुआ। दावा है कि पंत ने इस स्टोरी के जरिये उर्वशी को जवाब दिया था।
पंत की इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था- मेरा पीछा छोड़ो बहन, झूठ की भी कोई सीमा होती है। कैसे कुछ लोग इंटरव्यू में सिर्फ नाम, फेम, पॉपुलैरिटी और हेडलाइन में आने के लिए झूठ बोल देते हैं। यह देखकर दुख होता है कि लोग कैसे नाम और फेम के इतने भूखे हैं। भगवान उनका भला करे।
हालांकि, पंत ने कुछ देर बाद यह स्टोरी डिलीट कर ली। अब उर्वशी के पोस्ट पर लोग कमेंट कर दोनों का मजाक भी उड़ा रहे हैं।