नई दिल्ली। BCCI ने उम्र में हेरफेर और फर्जी दस्तावेजों के मामलों में अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। BCCI ने बड़ा कदम उठाते हुए उम्र में धोखाधड़ी के मामले में 65 खिलाड़ियों को एक साथ बैन करने का फैसला सुनाया है। इस फैसले का सीधा असर आगामी घरेलू क्रिकेट पर पड़ेगा। प्रतिबंधित खिलाड़ी 2026-27 और 2027-28 के घरेलू सीजन में किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
एज-ग्रुप के 12 खिलाड़ियों के रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी
कार्रवाई की जद में बंगाल के लिए एज-ग्रुप क्रिकेट खेल चुके 12 खिलाड़ी भी आए हैं। जांच में इन खिलाड़ियों के दस्तावेजों में दर्ज जन्मतिथि और उम्र को लेकर गंभीर अंतर सामने आया है। इस सूची में भारत को 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाली टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज रवि कुमार का नाम भी शामिल है। उनके साथ लेग स्पिनर रोहित यादव पर भी उम्र से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी का मामला सामने आया है।
रवि कुमार के जन्म प्रमाण पत्र में 45 महीने का अंतर
अलीगढ़ के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने 2022 में भारत की अंडर-19 विश्व कप जीत में अहम योगदान दिया था। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए थे। पूरे टूर्नामेंट में रवि के नाम 6 मैचों में 10 विकेट रहे थे। अब CAB के रिकॉर्ड के मुताबिक, रवि कुमार के जन्म प्रमाण पत्र में करीब 45 महीने का अंतर पाया गया है। एसोसिएशन की जांच के बाद 2021-22 से 2025-26 तक अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीम में उनकी भागीदारी से जुड़े रिकॉर्ड को अवैध घोषित किया गया है।
रोहित यादव पर BCCI ने लगाया दो साल का प्रतिबंध
लेग स्पिनर रोहित यादव भी उम्र से जुड़े विवाद में फंस गए हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीम में चुने गए रोहित पर BCCI की ओर से दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है। CAB के मुताबिक, रोहित के दस्तावेजों में दो साल से अधिक का अंतर पाया गया। इस मामले के बाद BCCI ने सभी राज्य क्रिकेट संघों को भी सतर्क किया है। प्रतिबंध के चलते 2024-25 और 2025-26 सीजन में उनके क्रिकेट करियर पर भी असर पड़ा है।
अरुण कुमार की उम्र में 9 साल से ज्यादा का अंतर
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल यानि CAB की जांच में सामने आए आंकड़े चौंकाने वाले हैं। एज-ग्रुप खिलाड़ियों की सूची में अरुण कुमार चौरसिया की जन्मतिथि से जुड़े रिकॉर्ड में 115 महीने यानी 9 साल से अधिक का अंतर पाया गया। वहीं महिपाल यादव के दस्तावेजों में 8 साल से ज्यादा की गड़बड़ी सामने आई है। इसके अलावा प्रभात मौर्य की उम्र में 57 महीने, अमृत राज उपाध्याय में 48 महीने और दिलशाद खान में 46 महीने का अंतर दर्ज किया गया।
इन खिलाड़ियों के रिकॉर्ड में भी मिली गड़बड़ी
CAB की सूची में अनुभव त्यागी, कुणाल कुमार, विनीत मौर्य, कुशल गुप्ता और परमित सिंह के नाम भी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों के दस्तावेजों में क्रमशः 36 महीने, 35 महीने, 32 महीने, 26 महीने और 12 महीने का अंतर पाया गया। उम्र में हेरफेर और गलत दस्तावेजों के इस्तेमाल को लेकर क्रिकेट बोर्ड लंबे समय से सख्त रुख अपनाते रहे हैं। CAB की यह कार्रवाई भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। 65 खिलाड़ियों पर लगाया गया प्रतिबंध अगले दो घरेलू सीजन तक प्रभावी रहेगा।