दुबई। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत की शुरुआत अच्छी रही। टीम ने 251 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। भारत को पहला झटका शुभमन गिल के रूप में लगा। उन्होंने 31 रन बनाए।
भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 83 गेंदों पर 76 रनों की शानदार पारी खेली। रोहित शर्मा के अलावा श्रेयस अय्यर ने टीम के लिए महत्वपूर्ण 48 रन बनाए। अक्षर पटेल ने 29 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने तेजी से हाथ खोले। हार्दिक ने 18 गेंदों पर 18 रन बनाए। केएल राहुल अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 34 रनों की पारी खेली।
इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में सात विकेट खोकर 251 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने 101 गेंद पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 63 रन बनाए। वहीं ब्रेसवेल ने 40 गेंद पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 53 रन बनाए।
आखिरी पांच ओवर में 50 रन बने, जिसकी वजह से न्यूजीलैंड इस आंकड़े को छू सका। इसमें सबसे बड़ा योगदान माइकल ब्रेसवेल का रहा। उन्होंने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। भारत के लिए कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने दो – दो विकेट झटके। वहीं, जडेजा को एक विकेट मिला। एक विकेट शमी ने लिया और एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।