आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोमवार, 09 मार्च को गुजरात के गांधीनगर स्थित ऐतिहासिक स्थल अडालज की बावड़ी में ट्रॉफी के साथ फोटोशूट कराया। जैसे ही सूर्यकुमार वहां पहुंचे, हजारों फैंस जमा हो गए और उन्हें देखने के लिए कई लोग आसपास की दीवारों और छतों पर भी चढ़ गए।
फोटोशूट के दौरान फैंस ने जोर-जोर से “इंडिया… इंडिया” के नारे लगाना शुरू कर दिया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। सूर्यकुमार ने फैंस का अभिवादन स्वीकार किया और अपने विजयी ट्रॉफी के साथ फोटोशूट कराया। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 256 रनों का टारगेट दिया, जिसे न्यूजीलैंड टीम केवल 159 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने यह मुकाबला 96 रनों से जीतकर खिताब अपने नाम किया।
अडालज की बावड़ी एक सीढ़ीदार कुआं है, जो गांधीनगर के अडालज गांव में स्थित है। इसका निर्माण लगभग 1499 में किया गया था। यह बावड़ी पांच मंज़िल गहरी है और इसे पानी संग्रह करने के लिए बनाया गया था। स्थापत्य कला का यह अनोखा उदाहरण वास्तुकला और संस्कृति प्रेमियों के बीच काफी प्रसिद्ध है।