नई दिल्ली। आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर एक महिला ने शादी का वादा कर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अदालत से जारी निर्देश के बाद कार्रवाई करते हुए देर रात अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार किया गया। उन्हें मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
मेडिकल छात्रा ने दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक, कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने जून महीने में मोगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने दावा किया कि वह पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से अभिषेक पोरेल के साथ रिश्ते में थी और दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
जांच एजेंसियों ने आरोपी क्रिकेटर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं, जिनमें शादी का झूठा वादा कर संबंध बनाने से जुड़ी धारा भी शामिल है, तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
कई बार घर पहुंची थी पुलिस
सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कई बार अभिषेक पोरेल के आवास पर पहुंचकर उनसे संपर्क करने की कोशिश की थी। बाद में न्यायालय के आदेश के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल इस पूरे मामले पर क्रिकेटर या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घरेलू क्रिकेट और IPL में बनाया नाम
अभिषेक पोरेल बंगाल की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी, लिस्ट-ए और टी20 क्रिकेट में कई अहम पारियां खेली हैं। आईपीएल में भी वह पिछले कुछ सीजन से टीम के लिए नियमित रूप से खेलते रहे हैं।