भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को लेकर राजस्थान रॉयल्स के पूर्व हेड कोच कुमार संगकारा ने एक रोचक किस्सा साझा किया है। संगकारा ने बताया कि आईपीएल 2026 के दौरान वैभव का आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज देखकर पूरी टीम हैरान रह गई थी।
स्काई स्पोर्ट्स से बातचीत में संगकारा ने कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी बेहद आत्मविश्वास में नजर आ रहे थे। टीम को जीत के लिए 220 रन का बड़ा लक्ष्य मिला था, लेकिन वैभव ने मैच शुरू होने से पहले ही बड़ी भविष्यवाणी कर दी थी।
संगकारा के मुताबिक, वैभव उनके पास आए और मुस्कुराते हुए बोले, “कोच, टेंशन मत लीजिए… मैच हमारा है।” इसके बाद ड्रेसिंग रूम में जाकर उन्होंने अपने साथियों डोनावन फरेरा और लुआन-द्रे प्रिटोरियस से कहा कि वह इस मैच में 13 छक्के लगाने वाले हैं।
हालांकि वैभव 13 छक्के नहीं लगा सके, लेकिन उन्होंने ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी की कि सभी हैरान रह गए। युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने 221 रन का लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया।
संगकारा ने कहा कि जब वैभव लगातार छक्के जड़ रहे थे, तब ड्रेसिंग रूम में बैठे खिलाड़ी भी उनके शॉट्स गिनने लगे थे। उन्हें लगने लगा था कि यह युवा बल्लेबाज सच में अपनी भविष्यवाणी को सच कर सकता है।
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए और पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। खास बात यह रही कि उनका स्ट्राइक रेट 237 से ज्यादा का रहा, जिसने क्रिकेट विशेषज्ञों को भी प्रभावित किया।
अब क्रिकेट फैंस को उनके टीम इंडिया डेब्यू का इंतजार है। आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में उन्हें मौका नहीं मिला, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक दूसरे मैच में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन को नंबर-3 पर भेजकर वैभव को ओपनिंग में मौका दे सकती है।
वैभव सूर्यवंशी का आत्मविश्वास और निडर बल्लेबाजी अंदाज उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा स्टार बना रहा है।