कोलंबो। भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले में एक बार फिर रोमांच अपने चरम पर है। टी20 विश्व कप 2026 में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे इस हाई-वोल्टेज मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175 रन ठोंक दिए।
टॉस जीता, गेंदबाजी का दांव चला… लेकिन पड़ गया भारी!
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इतना ही नहीं, उन्होंने खुद पहला ओवर डालकर सबको चौंका दिया। पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा को शून्य पर आउट कर पाकिस्तान ने धमाकेदार शुरुआत की। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने मैच का रंग ही बदल दिया।
ईशान का ‘काउंटर अटैक’, चौके-छक्कों की बारिश
भारतीय ओपनर ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि स्टेडियम में बैठे दर्शक झूम उठे। स्पिन हो या पेस—ईशान ने किसी को नहीं छोड़ा।
उन्होंने शाहीन अफरीदी, शादाब खान, अबरार अहमद और सैम अयूब की गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचाया। सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक ठोककर ईशान ने भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे तेज पचासा जड़ दिया। वह 40 गेंदों में 77 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। ऐसा लग रहा था कि शतक पक्का है, लेकिन सैम अयूब की गेंद ने नौवें ओवर में उनका सपना तोड़ दिया।
टीम इंडिया में दो बड़े बदलाव
इस मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए गए। कुलदीप यादव और अभिषेक शर्मा की वापसी हुई, जबकि अर्शदीप सिंह और संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ा।
अब सबकी निगाहें पाकिस्तान की बल्लेबाजी पर टिकी हैं। क्या 176 रन का लक्ष्य पार होगा या भारत की गेंदबाजी दिखाएगी कमाल? मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है।