नई दिल्ली। IPL 2026 आधे सफर पर पहुंच चुका है, लेकिन एमएस धोनी के खेलने को लेकर अब भी तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के ताजा बयान ने इस सस्पेंस को और गहरा कर दिया है।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले के बाद फ्लेमिंग ने खुलासा किया कि धोनी की पिंडली की चोट, जिससे वो उबर रहे थे, फिर से गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि रिकवरी के दौरान एक वॉर्म-अप मैच में धोनी ने खुद पर जरूरत से ज्यादा जोर डाला, जिससे चोट दोबारा उभर आई।
‘जल्दी वापसी की कोशिश पड़ी भारी’
फ्लेमिंग के मुताबिक, पिंडली की चोट से उबरना आसान नहीं होता और शुरुआत में टीम ने पूरी सावधानी बरती थी। लेकिन धोनी की जल्दी मैदान पर लौटने की कोशिश ने उनकी रिकवरी को प्रभावित किया। प्री-सीजन प्रैक्टिस के दौरान ज्यादा मेहनत करने की वजह से उनकी चोट और गहरी हो गई।
फैंस का इंतजार और लंबा
धोनी मार्च की शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं। नेट्स में उनकी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के वीडियो सामने आने के बाद फैंस को उम्मीद थी कि वो जल्द मैदान पर उतरेंगे। लेकिन अब कोच के बयान के बाद साफ है कि इंतजार और लंबा खिंच सकता है।
पूरी तरह फिट हुए बिना नहीं खेलेंगे
टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती। 44 साल के धोनी पहले भी चोट के साथ खेल चुके हैं, लेकिन इस बार CSK के अब तक खेले 8 मैचों में उनका एक बार भी मैदान पर नहीं उतरना बताता है कि चोट कितनी गंभीर है। अगर वह पूरी तरह फिट नहीं होते, तो संभव है कि इस सीजन में वो खेलते नजर ही न आएं।
अंतिम फैसला खुद धोनी का होगा
फ्लेमिंग ने साफ किया कि धोनी की वापसी को लेकर आखिरी फैसला खुद उनका होगा। फिलहाल वह फीजियो के साथ रिहैब कर रहे हैं और टीम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है।